T20 World Cup 2026 में नया अजूबा…2 सगे भाइयों ने मिलकर ठोक डाले 124 रन…इस प्रचंड रिकॉर्ड से सब हैरान

T20 World Cup 2026 में नया अजूबा…2 सगे भाइयों ने मिलकर ठोक डाले 124 रन…इस प्रचंड रिकॉर्ड से सब हैरान


Mosca Brothers Create History: इन दिनों भारत और श्रीलंका की सरजमीं पर टी20 विश्व कप 2026 की धूम है. इस एडिशन के 11वें मुकाबले में 2 भाइयों ने मिलकर इतिहास रच दिया. दोनों ने बल्ले से वो कमाल कर डाला, जो अब तक टी20 विश्व कप के इतिहास में कभी नहीं हुआ था. ये दोनों भाई उस टीम के लिए खेल रहे हैं, जो पहली बार इस बड़े मंच यानी विश्व कप में हिस्सा ले रही है. इन दोनों भाइयों के दम पर ही टीम ने टी20 विश्व कप में पहली जीत का सपना सच कर दिखाया.

जिन 2 भाइयों की यहां बात हो रही है, वो मोस्का ब्रदर्स हैं. दोनों इटली के लिए खेलते हैं. दोनों का एक ही तारीख को एक साथ डेब्यू हुआ था. अब एक ही मैच में मिलकर बल्ले से एक जैसी तबाही भी मचाई. इटली के लिए खेलने वाले इन दोनों में से एक भाई का नाम जस्टिन मोस्का है तो दूसरे का एंथोनी मोस्का. 12 फरवरी 2025 को नेपाल के खिलाफ इन दोनों ने मिलकर टीम को जीत दिलाई और इतिहास रच डाला.

वानखेड़े के मैदान पर खेले गए मुकाबले में इटली ने टॉस जीता और नेपाल को बैटिंग के लिए बुलाया. नेपाल मुश्किल से 123 रनों तक पहुंच सकी. इटली के बॉलर्स ने कसी हुई गेंदबाजी की और नेपाल को बड़ा स्कोर नहीं करने दिया. नेपाल के लिए आरिफ शेख ने सबसे ज्यादा 26 बॉल पर 27 रन किए. 6 बल्लेबाज तो दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सके. इटली के लिए क्रिशन कलुगामागे ने 4 ओवर में 18 रन देकर 4 विकेट निकाले. बेन मानेन्टी ने 4 ओवर में 9 रन देकर 2 शिकार किए. गेंदबाजों के इस कमाल के बाद अब बारी थी इटली के बल्लेबाजों की.

मोस्का ब्रदर्स का बल्ले से तूफान

124 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी इटली के लिए मोस्का ब्रदर्स ने कमाल कर दिया. दोनों ने मिलकर 12.4 ओवर में 124 रन बना डाले. दोनों ने चौके-छक्कों की बारिश की और नेपाल के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं. आतिशी पारी का आलम ये रहा कि पहले 6 ओवर में ही 86 रन ठोक डाले. 11वें ओवर में दोनों भाइयों ने अर्धशतक पूरे किए. नेपाल के खिलाफ जस्टिन मोस्का ने 44 गेंदों पर 60 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 3 छक्के थे, जबकि एंथोनी मोस्का ने 32 बॉल पर 62 रन ठोके, जिसमें 3 चौके और 6 छक्के शामिल थे.

मोस्का ब्रदर्स ने बना डाला प्रचंड रिकॉर्ड

मोस्का ब्रदर्स के बीच 124 रनों की प्रचंड साझेदारी हुई. यह टी20 इंटरनेशनल में इटली के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड है, जबकि टी20 विश्व कप के इतिहास में सगे भाइयों द्वारा बनाई गई यह सबसे बड़ी साझेदारी बन चुकी है, जिसने पाकिस्तान के कामरान अकमल और उमर अकमल के 12 साल पुराने वर्ल्ड रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया. इन दोनों ने साल 2014 के टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 96 रन की पार्टनरशिप की थी. इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर मानेन्टी बंधुओं का नाम मौजूद है, जिन्होंने 2026 यानी इसी विश्व कप में स्कॉटलैंड के खिलाफ 73 रन की साझेदारी की थी.

नेपाल को दूसरी बार 10 विकेट से मिली शिकस्त

इटली ने T20I क्रिकेट में 10 विकेट से अपनी पहली जीत दर्ज की, वहीं ये दूसरा मौका है जब नेपाल की टीम को टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दूसरी बार 10 विकेट से हार मिली. इससे पहले 2025 में उसे वेस्टइंडीज ने 10 विकेट से हराया था.

कौन छोटा, कौन बड़ा?

मोस्का ब्रदर्स जस्टिन और एंथोनी का जन्म इटली में हुआ था. एंथोनी की डेट ऑफ बर्थ 21 अगस्त 1991 है, जबकि जस्टिन मोस्का 15 नवंबर 1994 को जन्मे थे. एंथोनी की उम्र जस्टिन से करीब 3 साल ज्यादा है. दोनों ने 12 जुलाई 2022 को एक साथ इटली के लिए टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू किया था. बड़े भाई एंथोनी अब तक 21 जबकि छोटे भाई जस्टिन 22 मैच खेल चुके हैं.

ये भी पढ़ें: IND vs NAM: टीम इंडिया ने बदला 12 साल पुराना इतिहास, टी20 वर्ल्ड कप में भारत का नया रिकॉर्ड, देखें सबसे बड़ी जीत की लिस्ट





Source link