खरगोन के भीकनगांव में एक कंपोजिट शराब दुकान में नकाबपोश चोरों ने लाखों रुपये की नकदी, शराब और अन्य सामान चोरी कर लिया। बदमाशों की यह करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
.
यह घटना रविवार रात करीब 2 बजे झिरन्या रोड स्थित शराब दुकान में हुई। छह नकाबपोश बदमाश लोहे की रॉड, पत्थर और औजारों के साथ दुकान में घुसे। उन्होंने काउंटर तोड़कर लगभग 1 लाख रुपये नकद, 5 पेटी शराब, एक एलसीडी टीवी और साउंड सिस्टम सहित कुल 5 लाख रुपये से अधिक का सामान चुरा लिया।
शराब ठेकेदार लक्की जायसवाल ने बताया कि सुबह दुकान खोलने पर सामान बिखरा हुआ मिला, ताले टूटे थे और नकदी व शराब गायब थी। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पूरी वारदात सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है, जिसमें बदमाशों की गतिविधियां कैद हुई हैं।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, पिछले कुछ महीनों से क्षेत्र में चोरी और लूट की घटनाओं में वृद्धि हुई है। घरों, दुकानों और बैंक के सामने से लूटपाट के बाद अब शराब दुकानों को भी निशाना बनाया जा रहा है।
भीकनगांव एसडीओपी राकेश आर्य ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की गहनता से जांच की जा रही है। कुछ संदिग्धों के बारे में जानकारी मिली है और पुलिस को सांसी गिरोह के शामिल होने का संदेह है।
दुकान के अंदर से शराब और रुपए निकालते आरोपी।