बैतूल जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र में रविवार रात दूधावानी गांव में ग्रामीणों ने अवैध शराब ले जा रही बोलेरो को रोककर तोड़फोड़ की। मौके पर पहुंची पुलिस टीम के वाहन पर भी पथराव किया, जिससे उसके शीशे टूट गए। पुलिस ने बोलेरो 57 लीटर अवैध शराब जब्त कर दो
.
एडिशनल एसपी कमला जोशी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वे रात में घोड़ाडोंगरी पहुंचीं। जांच में बोलेरो (MP06-BA-0787) से करीब 57 लीटर अवैध शराब मिली। वाहन को जब्त कर घोड़ाडोंगरी चौकी में खड़ा किया गया है।
ग्रामीणों ने पुलिस पर भी पथराव किया
ग्रामीणों ने बोलेरो में तोड़फोड़ करने के बाद शराब की बोतलें फोड़ दीं। पुलिस पहुंचने पर भी भीड़ शांत नहीं हुई और पुलिस वाहन पर पथराव किया। इससे पुलिस वाहन के शीशे टूट गए।
तोड़फोड़ में गाड़ी से शीशे टूट गए।
एक दर्जन लोगों के खिलाफ FIR
पुलिस ने बताया कि करीब एक दर्जन अज्ञात लोगों पर शासकीय कार्य में बाधा डालने, तोड़फोड़ करने और आबकारी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। साथ ही अवैध शराब रखने के आरोप में भी प्रकरण दर्ज हुआ है। एसआई आम्रपाली और पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर हालात को काबू किया। पुलिस का कहना है कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बलवे और अन्य प्रासंगिक धाराओं में भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
ग्रामीणों का आरोप- क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री जारी
ग्रामीणों ने बताया कि इलाके में लंबे समय से अवैध शराब बेचे जाने की शिकायतें मिल रही थीं, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही थी। इस वजह से लोगों में नाराजगी थी। फिलहाल वाहन जब्त कर शराब के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।