हबीबगंज में 16 साल की नाबालिग के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पीड़िता 8वीं कक्षा में है। पीड़िता ने युवक पर उसके साथ छेड़छाड़ करना और गाली देने की शिकायत थाने में की है।
.
पुलिस ने बताया कि पीड़िता और आरोपी की एक साल पहले इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। दोनों की बात होती थी। इस दौरान आरोपी ने पीड़िता से शादी करने के लिए कहा। इस पर पीड़िता ने घरवालों से बात करने के लिए कहा था। आरोपी ने पीड़िता के घर पर शादी के लिए बात की।
लेकिन, घरवालों ने कहा अभी बच्ची की उम्र नहीं है। जिसके बाद से ही आरोपी पीड़िता का पीछा करने लगा। उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। शनिवार रात उसने पीड़िता के माता-पिता को फोन करके गालियां दी थीं। इसके अलावा रविवार सुबह उसने मोहल्ले के एक लड़के के साथ भी पीड़िता से बात करने पर मारपीट की थी। आरोपी की हरकतों से परेशान होकर हबीबगंज थाने में शिकायत की है। पीड़िता हबीबगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली है।
दूसरी लड़की से भी बात करता था आरोपी
पीड़िता ने पुलिस को बताया है कि आरोपी गिरीश चौहान से उसकी दोस्ती एक साल पहले इंस्टाग्राम पर हुई थी। वह दूसरी लड़की से भी बात करता था। इस बात की जानकारी जब उसे हुई, तो मैंने उससे बात करनी छोड़ दी थी। जिसके बाद आरोपी ने पीड़िता से शादी करने की बात कही थी। पुलिस आरोपी की तलाश में है। आरोपी को फिलहाल गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।