Mandla News: मध्य प्रदेश में मंडला जिले के बम्हनी रेंज के राता बीट के गिदली-घुघरा क्षेत्र में एक साथ 5 बाघों के दिखने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है. स्थानीय लोगों ने इन बाघों को सड़क पार करते हुए अपने कैमरे में कैद किया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. माना जा रहा है कि ये सभी बाघ कान्हा राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र से भटककर यहां पहुंचे हैं. घटना के बाद वन विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है और ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल की ओर न जाएं. ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की समझाइश दी जा रही है.