बड़वानी जिले की अंजड़ नगर परिषद ने स्वच्छता अभियान के तहत सफाई और आवारा मवेशियों को पकड़ने का अभियान चलाया है। यह कार्रवाई नगर परिषद अध्यक्ष मांगीलाल मुकाती और नवागत प्रभारी सीएमओ सोनाली शर्मा के निर्देश पर की गई।
.
नगर परिषद दरोगा अम्बाराम कौशल ने बताया कि ठीकरी रोड स्थित सोनी धर्मशाला से गायत्री मंदिर चौराहे तक डिवाइडरों के दोनों ओर और मुख्य सड़क की सफाई की गई। इसी तरह, अस्पताल चौक, फुटला तालाब, बड़वानी रोड स्थित सोसाड़ मोहल्ला से कृषि उपज मंडी तक मुख्य मार्ग और सड़क किनारे भी झाड़ू लगाकर कचरा एकत्रित किया गया। एकत्रित कचरे को ट्रैक्टर ट्रॉली में भरकर नगर के बाहर ट्रेचिंग ग्राउंड में डलवाया गया।
दरोगा अम्बाराम कौशल ने जानकारी दी कि कृषि उपज मंडी के सामने रहवासी कॉलोनी के लोगों ने आवारा मवेशियों से परेशान होकर सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। इसी शिकायत के आधार पर बुधवार को उक्त कॉलोनी, आसपास के क्षेत्र और मुख्य बड़वानी-अंजड़ मार्ग पर मवेशियों को पकड़ने का अभियान चलाया गया। इस दौरान लगभग 8 मवेशियों को पकड़कर कांजी हाउस में छोड़ा गया।
उन्होंने आगे बताया कि नगर के विभिन्न क्षेत्रों से आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या की शिकायतें भी मिल रही हैं। दो दिन बाद अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़कर नगर से बाहर छोड़ा जाएगा। नगर परिषद ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों को घरों में बांधकर रखें, अन्यथा उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ये तीनों अभियान आगे भी जारी रहेंगे।



