Cricket Contoversy: महिला वर्ल्ड कप 2025 में बांग्लादेश की टीम सिर्फ एक जीत के बाद बाहर हो गई. उसे सात मुकाबलों में से 5 में हार का सामना करना पड़ा. एक मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था. इसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट में बवाल मच गया है. टीम की महिला तेज गेंदबाज जहांआरा आलम ने 2025 महिला ODI वर्ल्ड कप में टीम के अभियान के बाद राष्ट्रीय कप्तान निगार सुल्ताना ज्योती और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कप्तान को लेकर विस्फोटक खुलासा किया है.
जहांआरा आलम के बड़े दावे
आलम ने निगार सुल्ताना पर जूनियर खिलाड़ियों के साथ शारीरिक दुर्व्यवहार करने और टीम के भीतर एक जहरीला माहौल बनाने का आरोप लगाया है. वहीं, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने इन दावों को निराधार और मनगढ़ंत बताते हुए सख्ती से खारिज कर दिया है. 32 वर्षीय आलम ने पिछली बार दिसंबर 2024 में बांग्लादेश का प्रतिनिधित्व किया था. उन्होंने बांग्लादेश स्थित अखबार ‘कालेर कंठो’ को दिए एक साक्षात्कार के दौरान ये विस्फोटक दावे किए. अनुभवी तेज गेंदबाज ने आरोप लगाया कि कप्तान निगार सुल्ताना नियमित रूप से जूनियर खिलाड़ियों को पीटती हैं. कुछ युवा क्रिकेटर कथित दुर्व्यवहार के कारण राष्ट्रीय टीम के लिए खेलने से भी हिचकते हैं.
सनसनीखेज खुलासा
जहांआरा आलम ने कहा, ”यह कोई नई बात नहीं है. ज्योती जूनियर्स को बहुत पीटती है. इस वर्ल्ड कप के दौरान भी जूनियर्स ने मुझसे कहा- नहीं, मैं यह दोबारा नहीं करूंगी. फिर मुझे थप्पड़ खाना पड़ेगा. मैंने कुछ लोगों से सुना कि मुझे कल पीटा गया. दुबई दौरे के दौरान भी कप्तान ने एक जूनियर को कमरे में बुलाया और उसे थप्पड़ मारा.” 52 ODI और 83 T20I का अनुभव रखने वाली आलम बांग्लादेश की सबसे अनुभवी तेज गेंदबाजों में से एक रही हैं. उन्होंने सभी फॉर्मेट में 108 विकेट लिए हैं. वर्ल्ड कप टीम से बाहर किए जाने के बाद से उन्होंने दिसंबर 2024 के बाद से राष्ट्रीय टीम के लिए नहीं खेला है.
ये भी पढ़ें: साउथ अफ्रीका के खिलाफ रनों का अंबार लगा देगा ये खूंखार बल्लेबाज, धमाकेदार शतक से दे दी चेतावनी, ठोके 156 रन
सीनियर खिलाड़ियों को निशाना बनाने का आरोप
आलम ने यह भी आरोप लगाया कि बांग्लादेश महिला सेटअप में कई सालों से पक्षपात और आंतरिक राजनीति का बोलबाला रहा है. उन्होंने दावा किया कि सीनियर खिलाड़ियों को जानबूझकर बाहर किया गया है. उन्होंने कहा, ”वास्तव में मैं अकेली नहीं हूं. बांग्लादेश टीम में हर कोई कमोबेश पीड़ित है. हर किसी का दुख अलग है. यहां एक या दो लोगों को उन्नत सुविधाएं मिलती हैं और कुछ मामलों में केवल एक व्यक्ति को ही मिलती हैं. 2021 में मेरे जैसे सीनियर्स को कोविड पश्चात कैंप से बाहर करने की प्रक्रिया शुरू हुई. फिर मुझे बांग्लादेश खेलों में तीन टीमों में से एक का कप्तान बनाया गया. अन्य दो टीमों की कप्तान ज्योती (निगार सुल्ताना) और शर्मिन सुल्ताना थीं. सीनियर्स पर दबाव तभी से शुरू हो गया था.”
ये भी पढ़ें: साउथ अफ्रीका के खिलाफ इतिहास रचने के करीब रवींद्र जडेजा, खतरे में अश्विन का ये ‘प्रचंड’ रिकॉर्ड
बांग्लादेश बोर्ड ने आरोपों को नकारा
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने आलम के आरोपों का खंडन करते हुए एक बयान जारी किया. इसमें बोर्ड ने उन्हें जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण बताया गया. बोर्ड ने कहा, ”बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने बांग्लादेश महिला राष्ट्रीय क्रिकेट टीम की एक पूर्व सदस्य द्वारा मीडिया में की गई हालिया टिप्पणियों का संज्ञान लिया है. इसमें उन्होंने वर्तमान राष्ट्रीय टीम की कप्तान, खिलाड़ियों, कर्मचारियों और टीम प्रबंधन के खिलाफ आरोपों की एक सीरीज लगाई है. बीसीबी इन आरोपों को स्पष्ट रूप से और सख्ती से खारिज करता है, जो निराधार, मनगढ़ंत और किसी भी सच्चाई से रहित हैं. बोर्ड इसे दुर्भाग्यपूर्ण मानता है कि ऐसे अपमानजनक और निंदनीय दावे ऐसे समय में किए गए हैं जब बांग्लादेश महिला टीम इंटरनेशनल मंच पर सराहनीय प्रगति और एकता दिखा रही है. आलम की टिप्पणियां जानबूझकर, दुर्भावनापूर्ण थीं और जाहिर तौर पर एक ऐसी टीम की भावना और आत्मविश्वास को कम करने के उद्देश्य से थीं जो गर्व के साथ देश का प्रतिनिधित्व करना जारी रखती है.”