शराब दुकान से शराब खरीदकर ले जाता छात्र।
दमोह के पथरिया नगर में एक शराब दुकान पर नाबालिग को शराब बेचे जाने का वीडियो सामने आया है। शुक्रवार को सामने आए इस वीडियो में कक्षा दसवीं का एक छात्र शराब खरीदते हुए दिख रहा है। यह घटना तब सामने आई है, जब जिले में नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है।
.
वीडियो में एक 17 वर्षीय छात्र शराब दुकान पर शराब लेने पहुंचा। दुकान के एक सहयोगी ने पहले तो छात्र को स्कूल यूनिफॉर्म में देखकर शराब पीने पर सवाल उठाया, लेकिन बाद में पैसे लेकर उसे शराब दे दी। जानकारी के अनुसार, यह छात्र पथरिया नगर का निवासी है और अक्सर इस दुकान से शराब खरीदता है। इस घटना का वीडियो किसी स्थानीय युवा ने बनाया।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब भगवती मानव कल्याण संगठन दमोह में नशा मुक्ति अभियान चलाकर गांवों में शराबबंदी का प्रयास कर रहा है। गौरतलब है कि हाल ही में मंडला जिले के नैनपुर में भी स्कूल यूनिफॉर्म में छात्रों को शराब लेते हुए एक ऐसा ही वीडियो सामने आया था।
शराब दुकान पर स्कूल ड्रेस में पहुंचा छात्र।
बेचने वाला ठेकेदार का कर्मचारी नहीं
मामले की जानकारी मिलने पर जिला आबकारी अधिकारी रविंद्र खरे ने बताया कि शराब ठेकेदार का कहना है कि वीडियो में शराब देने वाला व्यक्ति उनका कर्मचारी नहीं है। आबकारी अधिकारी ने कहा कि वीडियो की जांच की जा रही है और सत्यता पाए जाने पर शराब ठेकेदार पर जुर्माना लगाया जाएगा।

दुकान के बाहर मौजूद व्यक्ति जिसने दी छात्र को शराब।