पत्नी की अर्थी उठते ही पति ने जहर खाया, मौत: पत्नी की खुदकुशी पर प्रताड़ना के आरोप लगे तो उठाया कदम; 13 साल की प्रेम कहानी का अंत – Khandwa News

पत्नी की अर्थी उठते ही पति ने जहर खाया, मौत:  पत्नी की खुदकुशी पर प्रताड़ना के आरोप लगे तो उठाया कदम; 13 साल की प्रेम कहानी का अंत – Khandwa News



खंडवा के बड़ाबम क्षेत्र में गुरुवार रात एक दंपत्ति की जहर खाने से मौत हो गई। पत्नी ने बुधवार को जहर खाया था और गुरुवार सुबह अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पत्नी का शव श्मशान पहुंचा तो पति ने भी जहर खा लिया। देर रात उसने भी दम तोड़ दिया। दोनों की 13 साल

.

शहर के बड़ाबम निवासी मंडलोई परिवार की बहू रीना (40) ने बुधवार को जहर खा लिया था। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। गुरुवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बेटी के निधन की सूचना मिलने के बाद इंदौर से मायके वाले पहुंचे। उन्होंने पति और ससुर पर प्रताड़ना का आरोप लगाया। पोस्टमॉर्टम रूम के बाहर काफी देर हंगामा हुआ। मायके वालों का कहना था कि ससुराल पक्ष की वजह से रीना ने सुसाइड किया है।

पत्नी का शव श्मशान घाट पहुंचा, पति ने भी जहर खा लिया

पोस्टमार्टम के बाद रीना का शव घर पहुंचा, यहां से अर्थी उठी और श्मशान घाट तक पहुंची ही थी कि घर से बाहर सिहाड़ा रोड पर पति आशीष ने भी जहर खा लिया। परिचित उसे जिला अस्पताल ले गए और वहां भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान रात 11 बजे उसकी भी मौत हो गई।

दोनों ने 13 साल पहले की थी लव मैरिज

रीना मूल रूप से इंदौर की रहने वाली थी। 13 साल पहले उसने बड़ाबम निवासी आशीष से लव मैरिज की थी। शादी के कई साल अच्छे चले, लेकिन बाद में रिश्ते में तनाव बढ़ता गया और प्रेम कहानी अंत में एक दर्दनाक मोड़ पर खत्म हो गई। अब उनका 12 साल का बेटा अकेला रह गया है।

मरने से पहले कहा- झूठे आरोपों के कारण जहर पीया

जहर खाने के बाद रीना के पति आशीष मंडलोई ने अस्पताल में परिजनों से कहा कि रीना के घरवाले झूठे आरोप लगा रहे हैं। पोस्टमॉर्टम रूम के बाहर मेरे साथ मारपीट की गई। इस कारण मैंने जहर पिया है। मैं रीना से प्यार करता था, इसलिए लव मैरिज की। मैंने कभी प्रताड़ित नहीं किया। झूठे आरोपों ने मुझे तोड़ दिया है। अब मैं जीना नहीं चाहता। रीना के पास जाना चाहता हूं।

बहन, मामी ने लगाए थे मारपीट और प्रताड़ना के आरोप

रीना के भाई अनिल श्रीवास ने कहा कि बहन को इतना प्रताड़ित किया कि उसने मजबूरी में यह कदम उठाया। बहन राखी और मामी प्रिया श्रीवास्तव ने भी ससुराल पक्ष पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना, मारपीट व भेदभाव के आरोप लगाए।

उनका कहना है कि पति आशीष के किसी अन्य महिला से संबंध होने के कारण रीना मानसिक रूप से टूट चुकी थी। वहीं ससुराल पक्ष ने इन सभी आरोपों को नकार दिया। रीना के ससुर शिवकुमार मंडलोई ने कहा कि रीना को घर में हमेशा सम्मान मिला। मायका पक्ष हमेशा ससुराल को ही दोष देता है।

इधर, मामले में कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। टीआई अशोक सिंह चौहान ने बताया कि मर्ग जांच में जो भी तथ्य आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।



Source link