शाजापुर जिला अस्पताल में इंजेक्शन चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। गुरुवार को दिन और रात में दो अलग-अलग समय पर एक युवक इंजेक्शन डेस्क से कुछ सामान ले जाता हुआ दिखाई दिया।
.
रात करीब 8 बजे अस्पताल स्टाफ ने उसे पकड़ा, जिसके बाद युवक ने हंगामा किया। इस दौरान एक कर्मचारी ने उसकी पिटाई भी की। बाद में अस्पताल पुलिस चौकी की मदद से युवक को कोतवाली थाने भेजा गया।
30 अक्टूबर को भी हुई थी चोरी
जानकारी के अनुसार, पकड़े गए युवक का नाम जलज मालवीय है। 30 अक्टूबर को इंजेक्शन चोरी में पकड़े गए आरोपी रूद्र मालवीय ने पूछताछ में जलज का नाम बताया था। रूद्र ने जानकारी दी थी कि मलेरिया विभाग में कार्यरत जलज मालवीय उसे फेनिरामाइन इंजेक्शन लाने के लिए भेजता है, जिसका उपयोग नशे के लिए किया जाता है।
इसके बाद गुरुवार दोपहर जलज अपने एक साथी के साथ अस्पताल पहुंचा। वह मेल वार्ड और बच्चा वार्ड में घूमने के बाद इंजेक्शन रखने वाली जगह से कुछ उठाते हुए कैमरे में कैद हो गया।
गौरतलब है कि 30 अक्टूबर को भी रूद्र मालवीय को इंजेक्शन चोरी करते रंगेहाथ पकड़ा गया था। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को तुरंत सूचना देने के बजाय उसे छोड़ दिया था। अगले दिन थाने में आवेदन दिया गया, लेकिन कोई कर्मचारी फरियादी बनने को तैयार नहीं हुआ। इसी के कारण जलज और अन्य युवक दोबारा चोरी करने पहुंच गया।

एविल इंजेक्शन का स्टॉक बंद
लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद अस्पताल ने एविल इंजेक्शन का स्टॉक ही बंद कर दिया है। चोरी रोकने के बजाय, अस्पताल ने संबंधित दवा को ही हटा दिया।
सिविल सर्जन बोले- पुलिस को जानकारी दी
इस मामले में सिविल सर्जन डॉ. बी.एस. मैना ने बताया कि आरोपी का पूरा विवरण लिखित में पुलिस को दे दिया गया है। आगे की कार्रवाई पुलिस को करनी है। वहीं, सीएमएचओ कमला आर्य ने कहा कि सिविल सर्जन से पूरी जानकारी लेकर दोषियों पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पूछताछ कर रही पुलिस
कोतवाली थाना प्रभारी संतोष वाघेला ने बताया कि जलज मालवीय को हिरासत में लिया गया। अब उससे पूछताछ की जा रही है।