महिला वर्ल्ड कप 2025 की चैंपियन टीम इंडिया के खिलाड़ियों का सम्मान जारी है. ICC और BCCI से रिकॉर्ड प्राइज मनी मिलने के बाद राज्य सरकारें अपने स्टेट के खिलाड़ियों को सम्मानित कर रहीं हैं. इसी कड़ी में भारतीय स्पिनर श्री चरणी को लेकर आंध्र प्रदेश सरकार ने बड़ा ऐलान किया है. दिल्ली में वर्ल्ड कप विनिंग भारतीय टीम के साथ पीएम नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात के बाद श्री चरणी अपने राज्य लौटीं. यहां उनसे आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने मुलाकात की और भारत को वर्ल्ड चैंपियन बनाने में उनके अहम योगदान की सराहना की. इसके साथ ही चंद्रबाबू नायडू ने उनके प्रदर्शन के लिए सम्मान के रूप में बड़ा ऐलान भी किया.
2.5 करोड़ कैश, सरकारी जॉब और…
आंध्र प्रदेश सरकार ने 21 साल की श्री चरणी के लिए एक विशेष इनाम की घोषणा की. राज्य उन्हें 2.5 करोड़ रुपये का कैश इनाम, ग्रुप-1 की सरकारी नौकरी और उनके गृहनगर कडप्पा में 1000 वर्ग गज का घर देकर सम्मानित करेगा. मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने दिल्ली से लौटने पर चरणी से मुलाकात के बाद यह घोषणा की. उन्होंने वर्ल्ड कप में उनके प्रदर्शन के लिए उन्हें बधाई दी और कहा कि उनकी सफलता आंध्र प्रदेश के लिए गौरव का पल है. चरणी को एक छोटे से समारोह में भी सम्मानित किया गया.
— CMO Andhra Pradesh (@AndhraPradeshCM) November 7, 2025
ऐसा रहा श्री चरणी का प्रदर्शन
श्री चरणी ने भारत को वर्ल्ड चैंपियन बनाने में बड़ी भूमिका निभाई. बाएं हाथ की स्पिनर ने इसी साल अप्रैल में ही इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था. वर्ल्ड कप 2025 में वह भारत की सबसे भरोसेमंद गेंदबाजों में से एक बन गईं. उन्होंने कई मैचों में अहम स्पेल डाले. टूर्नामेंट में उन्होंने कुल 14 विकेट चटकाए और भारत के लिए टॉप विकेट टेकर्स में से एक रहीं. साउथ अफ्रीका के खिलाफ फाइनल में उन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी की.