धार में भारतीय हॉकी शताब्दी वर्ष पर मैत्री मैच: हॉकी फीडर सेंटर धार ने सरदारपुर को 4-2 से हराया – Dhar News

धार में भारतीय हॉकी शताब्दी वर्ष पर मैत्री मैच:  हॉकी फीडर सेंटर धार ने सरदारपुर को 4-2 से हराया – Dhar News


भारतीय हॉकी के 100 वर्ष पूरे होने पर देशभर में शताब्दी वर्ष उत्साह के साथ मनाया गया। इसी कड़ी में धार जिले में भी एक मैत्री हॉकी मैच का आयोजन किया गया।

.

जिला हॉकी संघ और हॉकी फीडर सेंटर धार के तत्वावधान में पुलिस लाइन मैदान पर यह मैच हॉकी फीडर सेंटर धार और खेल परिसर सरदारपुर के बीच खेला गया। संघर्षपूर्ण मुकाबले में खिलाड़ियों ने तेजतर्रार हॉकी का प्रदर्शन किया।

मैच में दोनों टीमों की ओर से कुल छह मैदानी गोल हुए। हॉकी फीडर सेंटर धार ने खेल परिसर सरदारपुर को 4-2 से हराकर जीत दर्ज की।

खेल परिसर सरदारपुर की ओर से कमल कन्नौज और महेश अकोदिया ने एक-एक गोल किया। वहीं, हॉकी फीडर सेंटर धार के लिए राग्यश्री बामनिया, श्रेयांश राठौर, खराशु बाकिया और प्रदीप सिंह परिहार ने एक-एक गोल दागा।

इस अवसर पर सरदारपुर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी कमल कन्नौज, महेश अकोदिया, गोलू पांचाल और आयुष को हॉकी संघ के जिलाध्यक्ष पं. छोटू शास्त्री और वरिष्ठ खिलाड़ी शमशेर सिंह यादव ने हॉकी स्टिक भेंट कर सम्मानित किया।

धार जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष पं. छोटू शास्त्री ने कहा कि हॉकी इंडिया के 100 सफल वर्ष पूरे होने के इस गौरवपूर्ण सफर को यादगार बनाने के लिए यह मैत्री मैच आयोजित किया गया है। उन्होंने बताया कि ऐतिहासिक धार नगरी का हॉकी खेल विधा में स्वर्णिम इतिहास रहा है और शहर ने देश-प्रदेश को कई प्रतिष्ठित हॉकी खिलाड़ी दिए हैं।

पं. शास्त्री ने आगे कहा कि धार जिला हॉकी संघ जिलेभर में हॉकी के स्वर्णिम और गौरवमयी इतिहास को लौटाने तथा बड़े खिलाड़ी तैयार करने के लिए लगातार गतिविधियां आयोजित कर रहा है।

वहीं, प्रसिद्ध हॉकी खिलाड़ी और खेल गुरु शमशेर सिंह यादव ने कहा कि हॉकी में भारत की आत्मा बसती है और इसे मजबूत रखना हम सबका दायित्व है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत हॉकी में पुनः विश्व गुरु बनेगा।



Source link