रीवा के बिछिया थाना क्षेत्र में चिरहुला मंदिर के पास शुक्रवार शाम युवक के अपहरण की कोशिश हुई। बाइक रोककर आरोपियों ने युवक से मारपीट की और बोलेरो में बैठाने की कोशिश की। पूरी घटना पास के सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो शनिवार सुबह सामने आया।
.
जानकारी के मुताबिक, महसांव निवासी नितिन चौरसिया रीवा से काम कर घर लौट रहा था। चिरहुला मंदिर के सामने गीता सुपर बाजार के पास उसकी बाइक के आगे बोलेरो (MP17-ZE-0718) लगाकर तीन युवकों ने रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने नितिन से मारपीट की और जोर-जबरदस्ती कर बोलेरो में बैठा लिया।
एक को मौके पर पकड़ा, दो बाद में गिरफ्तार
मौके पर मौजूद दुकानदार और परिचितों के हल्ला मचाने पर भीड़ इकट्ठी हो गई। घबराकर दो आरोपी बोलेरो लेकर भाग गए, जबकि एक को लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद पीड़ित के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। आरोपी अंकित वर्मा को मौके पर पकड़ लिया गया। जबकि, शुभम उर्फ मोटा और राबड़ी कृष्णा रावत को बाद में गिरफ्तार किया गया।
तीनों के खिलाफ अपहरण की कोशिश और मारपीट की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है कि घटना के पीछे क्या वजह थी।