हरदा शहर की एलआईजी कॉलोनी में शनिवार रात करीब 8:30 बजे एक मकान में आग लग गई। फायर ब्रिगेड की मदद से लगभग आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन संपत्ति का नुकसान हुआ।
.
जानकारी के अनुसार, शहर के एक निजी स्कूल की ऊपरी मंजिल पर रहने वाले मीडियाकर्मी लोमेश गौर के मकान के दूसरी मंजिल पर बने कमरे से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। उनके मकान के सामने जनरल स्टोर्स चलाने वाली ज्योति गौर ने तत्काल मकान मालिक को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही वहां से गुजर रहे एएसआई संजय ठाकुर ने तुरंत मकान का ताला तोड़ा। मोहल्ले के लोगों ने अपने घरों से पानी की बाल्टियों से आग बुझाने का प्रयास किया। मीडिया कर्मी के चचेरे भाई अर्पित गौर ने बहादुरी का परिचय देते हुए आग लगे कमरे में जाकर मकान के सभी दरवाजे खोल दिए, जिससे धुआं बाहर निकल सके।
एएसआई ठाकुर ने बताया कि मोहल्ले के लोगों ने इस हादसे को रोकने में सराहनीय सहयोग दिया। कुछ ही देर में नगर पालिका परिषद की फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। कर्मचारियों ने धुएं के बीच जाकर कुछ ही पलों में आग पर काबू पा लिया।
बताया जा रहा है कि मकान के ऊपरी हिस्से के एक कमरे में दो वॉशिंग मशीन और एक गीजर लगा था। संभवतः शॉर्ट सर्किट के कारण वॉशिंग मशीन में आग लगी। यदि समय रहते सूचना नहीं मिलती, तो घर के अन्य सामान को भी बड़ा नुकसान हो सकता था। घटना के समय घर पर कोई सदस्य मौजूद नहीं था; मकान मालिक लोमेश गौर रीवा गए हुए थे, और उनकी पत्नी व बच्चे भी हरदा से बाहर थे।