Khandwa News: मध्य प्रदेश का हनुवंतिया अब सिर्फ एक पर्यटन स्थल नहीं रहा, बल्कि इसे अब “एमपी का मिनी गोवा” कहा जाने लगा है. जैसे-जैसे नवंबर का महीना शुरू होता है, वैसे-वैसे यहां का नजारा पूरी तरह बदल जाता है. जल महोत्सव की रंगीनियां, नर्मदा नदी का सौंदर्य और टेंट सिटी की रोशनी मिलकर इसे एक जादुई जगह बना देती हैं. अगर आप भी इस सर्दी में हनुवंतिया घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए है. जानें यहां के टेंट और होटल रूम की बुकिंग कैसे होती है, कितनी कीमत लगती है और क्या-क्या सुविधाएं मिलती हैं?
जल महोत्सव की शुरुआत और खासियत
मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग हर साल नवंबर से फरवरी तक “हनुवंतिया जल महोत्सव” का आयोजन करता है. ये महोत्सव लगभग तीन महीने तक चलता है और इस दौरान हज़ारों पर्यटक देशभर से यहां पहुंचते हैं. इस दौरान यहां नौकायन (Boating), पैरासेलिंग, जेट स्की, बनाना राइड, वाटर पैराग्लाइडिंग जैसी एडवेंचर गतिविधियां होती हैं. साथ ही, लोक संगीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम और फूड फेस्टिवल का भी आयोजन होता है.
टेंट सिटी में ठहरने की व्यवस्था
हनुवंतिया की टेंट सिटी इस जल महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण होती है. यह नर्मदा नदी के किनारे बनाई गई एक खूबसूरत अस्थायी बस्ती है, जिसमें सैकड़ों आलीशान टेंट्स लगाए जाते हैं. हर टेंट में रहने की व्यवस्था किसी होटल से कम नहीं होती.
यहां आपको तीन तरह की कैटेगरी में टेंट मिलते हैं:
डीलक्स टेंट: इसमें दो लोगों के रहने की सुविधा, फर्निश्ड बेड, अटैच बाथरूम और एसी की सुविधा होती है.
प्रीमियम टेंट: यह थोड़ा बड़ा होता है, जिसमें रिवर व्यू और प्राइवेट बालकनी जैसी सुविधा मिलती है.
सुपर डीलक्स टेंट या लग्जरी सुइट: इसमें एसी, टीवी, मिनी फ्रिज, गर्म पानी, और प्राइवेट लाउंज जैसी सुविधाएं मिलती हैं.
बुकिंग और चार्जेस
टेंट सिटी की बुकिंग एमपी टूरिज्म की वेबसाइट या अधिकृत ट्रैवल एजेंसी के माध्यम से ऑनलाइन की जा सकती है.
औसतन चार्जेस इस प्रकार हैं:
डीलक्स टेंट: ₹6,000 से ₹8,000 प्रति रात (दो लोगों के लिए)
प्रीमियम टेंट: ₹9,000 से ₹12,000 प्रति रात
लग्जरी सुइट: ₹13,000 से ₹18,000 प्रति रात तक
बुकिंग में सुबह का नाश्ता और कुछ जगहों पर सांस्कृतिक प्रोग्राम का एंट्री पास भी शामिल होता है. फेस्टिव सीजन या छुट्टियों के दौरान कीमतों में हल्का बदलाव आ सकता है.
अन्य होटल और रिजोर्ट विकल्प
अगर आपको टेंट सिटी में जगह नहीं मिलती, तो चिंता की बात नहीं है. हनुवंतिया और उसके आसपास कई अच्छे होटल और रिजॉर्ट भी हैं.
कैसे पहुंचें हनुवंतिया
हनुवंतिया, मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में स्थित है.
निकटतम रेलवे स्टेशन: खंडवा (70 किमी दूर)
निकटतम हवाई अड्डा: इंदौर (150 किमी)
सड़क मार्ग: इंदौर, भोपाल या खंडवा से टैक्सी या बस की सुविधा उपलब्ध है