पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
नीमच के रामपुरा थाना क्षेत्र के देवरान गांव में एक 22 साल युवती की जहरीले जीव के काटने से मौत हो गई। यह घटना शनिवार की है। आज रविवार को पीएम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
.
खेत में काम करते समय हादसा
मृतका की पहचान आंचल प्रजापति (22), पिता किशोर प्रजापति के रूप में हुई है। शनिवार दोपहर को आंचल अपने खेत पर काम कर रही थी, तभी उसे किसी अज्ञात जहरीले जीव ने काट लिया। इसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।
परिजन तत्काल युवती को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय नीमच ले गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन जहर का असर इतना अधिक था कि इलाज के दौरान ही आंचल प्रजापति ने दम तोड़ दिया।
26 नवंबर को होने वाली थी शादी
यह घटना ऐसे समय हुई जब आंचल की शादी आगामी 26 नवंबर को तय थी। बताया जा रहा है कि परिजन शनिवार को ही दहेज का सामान लेकर गांव लौटे थे और सामान गाड़ी से उतारा भी नहीं गया था कि यह हादसा हो गया।
रविवार दोपहर को पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में मृतका के शव का पोस्टमॉर्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है।