Last Updated:
Ravindra Jadeja instagram profile: चेन्नई सुपरकिंग्स से ट्रेड किए जाने की चर्चाओं के बीज रविंद्र जडेजा का इंस्टाग्राम अकाउंट गायब हो चुका है. जड्डू उनकी ऑनलाइन मौजूदगी खत्म हो चुकी है. इसकी वजहों का पता नहीं लग पाया है, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि ऑलराउंडर ने खुद ही अपना अकाउंट डिएक्टिवेट कर दिया है.
नई दिल्ली: आईपीएल 2026 से पहले हल्ला मच चुका है कि रवींद्र जडेजा को चेन्नई सुपरकिंग्स से दिल्ली कैपिटल्स के लिए ट्रेड कर दिया जाएगा. दोनों फ्रैंचाइजी के बीच इस बड़ी बिजनेस डील के बीच रवींद्र जडेजा इंटरनेट से ‘लापता’ हो चुके हैं. चलिए ज्यादा पहेलियां न बुझाते हुए आपको इसी बात बताते हैं.
दरअसल, रवींद्र जडेजा का इंस्टाग्राम अकाउंट गायब हो चुका है. सोमवार को जडेजा का अकाउंट इंटरनेट पर नहीं मिला, जिससे उनके भविष्य को लेकर अटकलें तेज हो गईं. हालांकि अकाउंट के गायब होने का कारण अभी पता नहीं चला है, लेकिन प्रशंसक इसे उनके इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के भविष्य को लेकर चल रहे सस्पेंस से जोड़ रहे हैं.
जडेजा का अकाउंट ‘royalnavghan’ सोमवार को इंस्टाग्राम पर नहीं मिला. प्रोफाइल लिंक जब सीधे ब्राउजर में डाला गया तो ‘लिंक ब्रोकन’ दर्शाने लगा.
रवींद्र जडेजा ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत मात्र 19 साल की उम्र में राजस्थान रॉयल्स के साथ की थी. वह ओपनिंग सीजन जीतने वाली टीम का हिस्सा थे. शुरुआती दो सीजन में राजस्थान रॉयल्स के साथ खेलने के बाद उन्हें 2010 में सस्पेंड कर दिया गया क्योंकि उन्होंने मुंबई इंडियंस के साथ अपने कॉन्ट्रैक्ट के लिए डायरेक्ट बातचीत की शुरुआत कर दी, जो कानूनी रूप से सही नहीं था.
बैन के बाद जडेजा 2011 में कोच्चि टस्कर्स के लिए खेले. 2012 में चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल होने के बाद से ही वह टीम का अभिन्न अंग रहे हैं. सीएसके के सस्पेंशन वाले दो साल छोड़ दिए जाए तो जडेजा एक दशक से भी ज्यादा समय से फ्रैंचाइजी के सबसे बड़े मैच विनर रहे हैं.
2022 सीजन में जब एमएस धोनी ने पहली बार अपनी कप्तानी छोड़ी तो जड्डू को फ्रैंचाइजी का कप्तान भी बनाया गया था. हालांकि कुछ मैच बाद ही इस ऑलराउंडर को अपना पद छोड़ना पड़ा और धोनी दोबारा कप्तान बना दिए गए.
जडेजा ने 254 आईपीएल मैच खेले हैं, जो टूर्नामेंट के इतिहास में पांचवां सबसे ज्यादा है. वह सीएसके के लिए सबसे ज्यादा 143 विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. जडेजा का सबसे यादगार पल 2023 का आईपीएल फाइनल था, जब गुजरात टाइटंस के खिलाफ आखिरी ओवर में उन्होंने चौका मारकर टीम को चैंपियन बनाया था.
फरवरी 2025 से नेटवर्क 18 समूह में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में एक दशक का अनुभव. बतौर रिपोर्टर कई नेशनल-इंटरनेशनल इवेंट के साक्षी. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से करियर की शुरुआत. जागरण न्यू मीडिया…और पढ़ें
फरवरी 2025 से नेटवर्क 18 समूह में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में एक दशक का अनुभव. बतौर रिपोर्टर कई नेशनल-इंटरनेशनल इवेंट के साक्षी. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से करियर की शुरुआत. जागरण न्यू मीडिया… और पढ़ें