उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली थाना क्षेत्र के चंदनिया गांव में खेत में बने कुएं में गिरने से एक नाबालिग बच्ची की मौत हो गई। यह घटना रविवार शाम को हुई। जानकारी मिलने के बाद घुनघुटी चौकी पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नाबालिग बच्ची रविवार शाम को घर से खेत के लिए निकली थी। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
बच्ची के पिता गेंहू पिसाने गए हुए थे। मां ने उन्हें फोन पर सूचना दी। खेत के पास तलाश के दौरान कुएं के पास बच्ची की चप्पल मिली, जिससे आशंका हुई कि वह कुएं में गिर गई है। बच्ची को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने सोमवार को बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पाली थाना प्रभारी राजेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि बच्ची की मौत कुएं में गिरने से हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि बच्ची अक्सर खेत में मशीन चालू करने जाया करती थी।