पत्नी की आत्महत्या के मामले में पति-प्रेमिका गिरफ्तार: एक साल से चल रहे थे फरार, महिला ने फांसी लगाकर दे दी थी जान – Anuppur News

पत्नी की आत्महत्या के मामले में पति-प्रेमिका गिरफ्तार:  एक साल से चल रहे थे फरार, महिला ने फांसी लगाकर दे दी थी जान – Anuppur News


भालूमाड़ा पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला नेहा केवट की आत्महत्या से जुड़ा है।

.

5 दिसंबर 2024 को भालूमाड़ा निवासी 30 वर्षीय नेहा केवट ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। सूचना मिलने पर भालूमाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फांसी से उतारकर पंचनामा कार्यवाही की।

पंचनामा के दौरान मृतिका नेहा केवट द्वारा लिखा गया एक सुसाइड नोट बरामद हुआ था, जिसे पुलिस ने जब्त कर जांच के लिए भेजा। पुलिस ने मृतिका के परिजनों के बयान भी दर्ज किए।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतिका के पति बलराम केवट का कंचन चौधरी नामक महिला से अवैध संबंध था। मृतिका अपने पति और कंचन चौधरी द्वारा प्रताड़ित किए जाने के कारण आत्महत्या करने को मजबूर हुई थी।

इस मामले में थाना भालूमाड़ा में धारा 108 और 3(5) बी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी। आरोपी बलराम केवट (39 वर्ष, डबल स्टोरी भालूमाड़ा) और उसकी प्रेमिका कंचन चौधरी (25 वर्ष, लाइन दफाई भालूमाड़ा) घटना के बाद से फरार चल रहे थे।

पुलिस ने अब इन दोनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।



Source link