सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र के राजपुर गांव में सोमवार को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इसमें एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
.
घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल नागौद ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, राजपुर निवासी साहू परिवार और पांडेय परिवार के बीच जमीन को लेकर पुरानी रंजिश चल रही है। इस विवादित जमीन का मामला कोर्ट में भी विचाराधीन है।
सोमवार को इसी मामले की पेशी थी। दशरथ पांडेय जब विवादित जमीन की तस्वीरें लेने गए, तो साहू परिवार के सदस्यों ने धारदार हथियार कुल्हाड़ी से उन पर हमला कर दिया।
दशरथ को बचाने आए तीरथ पांडेय, आशीष, सतीश और राम सुरेश पांडेय पर भी हमलावरों ने हमला कर दिया। इस घटना में पांडेय परिवार के पांचों सदस्यों के सिर, हाथ, पैर और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं।
घायलों के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना की विस्तृत जांच कर रही है।