दिल्ली में हुए हादसे के बाद धार पुलिस ने मंगलवार देर शाम शहर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान प्रमुख होटलों और मुख्य मार्गों पर दोपहिया व चारपहिया वाहनों की गहन जांच की गई।
.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर ने बताया कि दिल्ली हादसे के बाद पूरे प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि शहर में बाहरी व्यक्तियों के ठहराव और उनकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए होटल चेकिंग एक महत्वपूर्ण कदम है।
चेकिंग अभियान के तहत पुलिस टीमों ने होटलों के रजिस्टर, आईडी सत्यापन और बुकिंग रिकॉर्ड की विस्तार से जांच की। संदिग्ध पाए गए व्यक्तियों से पूछताछ भी की गई।
इसके अतिरिक्त, शहर के मुख्य चौराहों पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर उनके ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी, नंबर प्लेट और हेलमेट संबंधी नियमों की जांच की गई। नियम उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की गई।
इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर और कोतवाली थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर ने जोर देकर कहा, “दिल्ली हादसे के बाद सुरक्षा की दृष्टि से हम पूरी तरह अलर्ट हैं। शहर में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आमजन निश्चिंत रहें, पुलिस लगातार फील्ड में सक्रिय है।”
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस नियंत्रण कक्ष या नजदीकी थाने में दें।
