India vs South Africa Test Series: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज 14 नवंबर को शुरू होने वाली है. कोलकाता के ईडन गार्डन्स में पहला मुकाबला खेला जाएगा. उसके बाद 22 तारीख को दूसरा टेस्ट गुवाहाटी में शुरू होगा. टीम इंडिया इंग्लैंड में सीरीज बराबरी पर रहने के बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ जीतने में सफल हुई. दूसरी ओर, साउथ अफ्रीका मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन है और उसने पाकिस्तान में सीरीज को 1-1 की बराबरी पर समाप्त किया था. अब उसकी नजर भारत में सफलता हासिल करने पर है. ऐसे में यह एक रोमांचक टेस्ट सीरीज होने वाली है.
तेम्बा बावुम से शुभमन गिल की टक्कर
भारतीय टीम घरेलू मैदान पर पिछले साल न्यूजीलैंड के खिलाफ तीनों टेस्ट हार गई थी. उसने फिर वेस्टइंडीज के खिलाफ वापसी की और अब सबकी नजर अफ्रीकी टीम से टक्कर पर है. यह आसान नहीं होने वाली है. तेम्बा बावुमा अपनी कप्तानी में अब तक एक भी टेस्ट मैच नहीं हारे हैं. वह पाकिस्तान दौरे पर नहीं गए थे, लेकिन भारत के खिलाफ खेलने के लिए तैयार हैं. ऐसे में देखना है कि शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम उनके विजय रथ को किस तरह रोकती है. दोनों देशों के बीच 1992 से अब तक कुल 44 टेस्ट मैच हो चुके हैं और इस दौरान एक से बढ़कर एक दिग्गजों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है.
ये भी पढ़ें: टीम इंडिया का वो क्रिकेटर जिसने वर्ल्ड कप जीता, लेकिन नहीं बन पाया सुपरस्टार, 59 मैचों में ही खत्म हो गया करियर
हम आपको उन 5 खिलाड़ियों के बारे में बता रहे हैं जिन्होंने दोनों देशों के बीच की टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं:
सचिन तेंदुलकर : इस लिस्ट में दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर शीर्ष पर हैं. साल 1992 से 2011 के बीच मास्टर-ब्लास्टर ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 25 टेस्ट मैच खेले, जिसमें 42.46 की औसत के साथ 1741 रन बनाए. इस दौरान तेंदुलकर के बल्ले से 7 शतक और 5 अर्धशतक निकले.
जैक कैलिस : साउथ अफ्रीका के इस दिग्गज खिलाड़ी ने साल 2000 से 2013 के बीच भारत के खिलाफ 18 टेस्ट की 31 पारियों में 69.36 की औसत के साथ 1734 रन बनाए. इस दौरान जैक कैलिस ने 7 शतक के साथ 5 अर्धशतक जमाए. दिसंबर 2010 में कैलिस ने सेंचुरियन में टीम इंडिया के खिलाफ 201 रन की नाबाद पारी खेली थी.
ये भी पढ़ें: ’जश्न नहीं मना सकता…,’ विराट कोहली-रोहित शर्मा से जलते हैं गौतम गंभीर? विस्फोटक बयान से मचा हंगामा
हाशिम अमला : साउथ अफ्रीकी क्रिकेटर ने साल 2004 से 2018 के बीच भारत के विरुद्ध 21 टेस्ट मुकाबलों में 5 शतक और 7 अर्धशतक के साथ 1528 रन बनाए. इस दौरान उनका औसत 43.65 रहा. अमला ने फरवरी 2010 में भारत के खिलाफ नागपुर में खेले गए टेस्ट मैच में नाबाद 253 रन बनाए थे.
विराट कोहली : रन मशीन कोहली ने साल 2013 से 2024 के बीच साउथ अफ्रीका के विरुद्ध 16 टेस्ट खेले, जिसमें 54.15 की औसत के साथ 1408 रन जुटाए. इस दौरान कोहली के बल्ले से 3 शतक और 5 अर्धशतक निकले. कोहली अक्टूबर 2019 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 254 रन की पारी खेल चुके हैं. यह मुकाबला पुणे में खेला गया था.
एबी डिविलियर्स : साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी ने साल 2006 से 2018 के बीच भारत के खिलाफ 20 टेस्ट मुकाबलों में 39.23 की औसत के साथ 1334 रन जुटाए. इस दौरान उनके बल्ले से 3 शतक और 6 अर्धशतक निकले. इस खिलाड़ी ने अप्रैल 2008 में अहमदाबाद टेस्ट में 217 रन की नाबाद पारी खेली थी.