.
मां ताप्ती परिक्रमा पदयात्रा 2026 समिति की बैठक का आयोजन राधाकृष्ण धर्मशाला बैतूल में किया। इसमें सूरत से मुलताई तक मां ताप्ती परिक्रमा पदयात्रा का आयोजन करने पर चर्चा करते हुए इसकी रूपरेखा बनाई। बैठक की अध्यक्षता पं. कांत दीक्षित ज्योतिषाचार्य ने की। बैठक के संचालक राजेश दीक्षित ने बताया समिति अध्यक्ष जितेन्द्र कपूर ने सभी के साथ मां ताप्ती की आरती व पूजन कर बैठक का विधिवत शुभारंभ किया। इसके बाद अतिथियों ने अपना उद्बोधन प्रस्तुत कर धर्म की रक्षा के लिए इस कार्य की सराहना कर पदयात्रियों का हौसला बढ़ाया। पं. अनिल दुबे ने बताया पद यात्रा में सुदामाचार्य मौनी बाबा बारहलिंग (बैतूल) यात्रा प्रारंभ करने के लिए सूरत आएंगे। एजेंडे के अनुसार वर्ष 2024-25 का आय व्यय की ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत की।
समिति अध्यक्ष जितेन्द्र कपूर ने बताया 15 जनवरी 2026 से की जाने वाली पदयात्रा डूमस (सूरत) से प्रारंभ होकर 17 फरवरी 2026 को मुलताई (बैतूल) में समाप्त होगी। यात्री 13 जनवरी 2026 को सूरत के लिए रवाना होंगे। यात्रा में सम्मिलित होने वाले यात्री अपना पंजीयन आज ही कराएं। पदयात्रियों की सूची 12 नवंबर तक उषा द्विवेदी को सौंपे। जिसे वे डूमस (सूरत) जाने वाले यात्रियों का रेल्वे रिजर्वेशन करवा सकें। इस पदयात्रा में आर्थिक सहयोग अरुण किलेदार राजा, राजू अग्रवाल, अभिषेक गोयल, राजीव खंडेलवाल, योगेश मदान के साथ ही धर्मप्रेमी बंधुओं द्वारा दिया जाता है।