एक दौर में पाकिस्तान के आन-बान-शान कहे जाने वाले बाबर आजम की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है. बाबर आजम पूरी तरह से बदनसीबी की बेड़ियों में कसे नजर आ रहे हैं और पिछले 2 सालों से शतकों का सूखा नहीं खत्म हुआ है. श्रीलंका के खिलाफ घरेलू सीरीज के पहले वनडे मैच में बाबर के पास गोल्डन चांस था लेकिन वह फ्लॉप हो गए. बाबर के बल्ले में मानों जंग ही लगी हो, इस साल वह कितनी खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं इसका अंदाजा उनके आंकड़ों से लगाया जा सकता है.
80 से भी ज्यादा पारियों से शतकों का सूखा
बाबर आजम को शतक ठोके 2 साल से भी ज्यादा समय हो चुका है. वह 80 से ज्यादा पारियां खेल चुके हैं लेकिन एक भी शतक नहीं आया है.इस साल उनके वनडे के औसत की बात करें तो उन्होंने 30 से भी कम औसत से रन बनाए हैं. श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे मैच में बाबर आजम 30 रन पर क्लीन बोल्ड हो गए. उन्होंने 804 दिन और 83 पारियों से पहले शतकीय पारी खेली थी. साल 2023 में एशिया कप के पहले मैच में बाबर ने पिछली बार शतक ठोका था.
विराट से फॉर्म का कनेक्शन
विराट कोहली भी 2019 से 2022 तक खराब फॉर्म से जूझे थे. कई बार बाबर की तुलना विराट कोहली से की गई है. कोहली ने भी 83 पारियों के बाद 84वीं पारी में सेंचुरी ठोकी थी. अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या बाबर आजम भी विराट कोहली के अंदाज में ही 84वीं पारी में शतकों का सूखा खत्म करने में कामयाब हो पाते हैं या नहीं. हालांकि, श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान की लाज सलमान अली आगा ने बचाई, जिन्होंने शानदार पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा दिया.
ये भी पढे़ं.. IND vs SA: स्पिन की दहशत में साउथ अफ्रीका… प्रैक्टिस में बहाया पसीना, एक्शन में दिखे भारतीय खिलाड़ी
सलमान ने ठोका शतक
पाकिस्तान की तरफ से सलमान अली आगा ने 105 रन की पारी खेली. उन्हें हुसैन तलत का साथ मिला जिन्होंने 62 रन की पारी खेली. अंत में मोहम्मद नवाज ने 36 रन ठोके और टीम ने स्कोरबोर्ड पर 299 रन टांग दिए. गेंदबाजी से पाकिस्तान ने दमदार शुरुआत की. 210 रन के स्कोर पर पाकिस्तान को 7 विकेट हासिल हो गए थे, लेकिन वानिंदु हसरंगा पाकिस्तानी गेंदबाजों को पापड़ बिलवाते नजर आए.