IPL Biggest Trade Deal: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में ट्रेड को लेकर लगातार नई खबरें सामने आ रही हैं. सबसे ज्यादा चर्चा रवींद्र जडेजा और संजू सैमसन को लेकर हो रही है. ऐसी खबरें आई हैं कि जडेजा अपनी पुरानी टीम राजस्थान रॉयल्स में वापस लौटने वाले हैं. वहीं, सैमसन चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) को जॉइन कर सकते हैं. इसमें इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन का नाम भी बीच में आ रहा है. राजस्थान की टीम जडेजा के साथ करन को अपनी टीम में शामिल करना चाहती है. इसे लेकर सबकुछ तय हो गया और अगले कुछ घंटे में आधिकारिक ऐलान हो सकता है.
48 घंटे की प्रोसेसिंग विंडो का टाइम शुरू
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह डील अभी भी रेगुलेटरी प्रोसेस में फंसी हुई है. फ्रेमवर्क तो तैयार है, लेकिन जब तक बीसीसीआई फॉर्मल प्रोसेस पूरा नहीं कर लेता, तब तक इस ट्रेड पर फाइनल मुहर नहीं लग सकती. क्रिकबज के अनुसार, प्रस्तावित ट्रेड आईपीएल प्लेयर रेगुलेशन के तहत एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EOI) स्टेज में पहुंच गया है. इसका मतलब है कि जरूरी 48 घंटे की प्रोसेसिंग विंडो का टाइम शुरू हो गया है. हालांकि, अभी तक कोई ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं हुई है.
तीनों खिलाड़ियों ने किया साइन
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, सीएसके और राजस्थान रॉयल्स दोनों ने तीनों खिलाड़ियों से सहमति ले ली है. एक फ्रेंचाइजी अधिकारी ने कन्फर्म किया है कि तीनों ने साइन कर दिया है और इस डील को पूरा होने में थोड़ा समय लगेगा. EOI जमा कर दिया गया है, लेकिन सोमवार शाम तक न तो किसी फ्रेंचाइजी ने IPL या BCCI के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी थी. बोर्ड के एक टॉप अधिकारी ने कहा कि यह मामला अभी तक उनके नोटिस में नहीं आया है.
ये भी पढ़ें: सचिन से विराट तक… भारत-साउथ अफ्रीका टेस्ट इतिहास के 5 सफलतम बल्लेबाज, रनों का लगाया अंबार
अभी कहां फंसा पेंच
आईपीएल ट्रेड नियमों के तहत, जो फ्रेंचाइजी ट्रेड शुरू करना चाहती है उसे BCCI को एक EOI जमा करना होता है. इसके बाद बोर्ड संबंधित टीम से बात करता है, जिसके पास जवाब देने के लिए 48 घंटे होते हैं. अगर मौजूदा फ्रेंचाइजी बात करने के लिए सहमत होती है, तो खिलाड़ी का सहमति पत्र लिया जाता है. इसके बाद रेगुलेटरी फ्रेमवर्क के अंदर बातचीत – जिसमें कॉन्ट्रैक्ट वैल्यू में कोई भी बढ़ोतरी या कमी शामिल है – की अनुमति होती है. यह पूरी प्रक्रिया पूरी होने और अप्रूव होने के बाद ही ट्रेड को फॉर्मल किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान में तो क्रिकेटर भी अनसेफ… नसीम शाह के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, अंदर ही था पूरा परिवार
सैम करन का नाम क्यों आया?
कहा जा रहा है कि सैम करन को लेकर डील में देरी हो रही है. आईपीएल के उन नियमों के मुताबिक, जो विदेशी क्रिकेटरों के फ्रेंचाइजी बदलने पर लागू होते हैं, उन्हें अपने बोर्ड से अनुमति लेनी होती है. इसके तहत इस डील को क्लियर होने से पहले इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड से सैम करन को नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट की जरूरत पड़ सकती है. जडेजा और सैमसन दोनों को क्रमशः CSK और RR ने 18 करोड़ रुपये में रिटेन किया था. वहीं, सैम करन को पिछले मेगा ऑक्शन में 2.4 करोड़ रुपये में खरीदा गया था. खास बात यह है कि रॉयल्स ने शुरू में CSK से डेवाल्ड ब्रेविस और फिर मथीशा पथिराना को मांगा था, लेकिन जब उन नामों को रिजेक्ट कर दिया गया, तो जडेजा के साथ करन का नाम पैकेज में तुरंत सामने आया.