रीवा. विंध्यवासियों का दशकों पुराना सपना आखिर सोमवार को सच हो गया. रीवा एयरपोर्ट से पहली बार दिल्ली के लिए 72 सीटर विमान सेवा की शुरुआत हुई. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल से वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर इस ऐतिहासिक उड़ान का शुभारंभ किया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पत्र के माध्यम से रीवा और विंध्य क्षेत्र के लोगों को बधाई दी. अलायंस एयर की यह 72 सीटर फ्लाइट सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी. रीवा से दिल्ली के लिए उड़ान रात 8:25 बजे रवाना होकर 10:40 बजे दिल्ली पहुंचेगी, जबकि दिल्ली से वापसी की फ्लाइट शाम 5:25 बजे रीवा के लिए उड़ान भरेगी.
विंध्य क्षेत्र के लोगों ने इस सेवा को ‘ड्रीम फ्लाइट’ बताया. कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, सांसद जनार्दन मिश्रा और कई स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. रीवा एयरपोर्ट का लोकार्पण पिछले साल हुआ था, और अब नियमित उड़ानें शुरू होने से क्षेत्र का आर्थिक विकास तेज होने की उम्मीद है. व्यापार, शिक्षा और पर्यटन के नए रास्ते खुलेंगे. लोग अब ट्रेन या बस की जगह महज दो घंटे में दिल्ली पहुंच सकेंगे.
सबसे अहम 3 प्वाइंट से जानें तथ्य
- रीवा से दिल्ली के बीच 72 सीटर विमान सेवा की शुरुआत
- हफ्ते में तीन दिन चलेगी फ्लाइट, किराया ₹3,680 से ₹19,430 तक
- पीएम मोदी ने भेजीं शुभकामनाएं, सीएम मोहन यादव बोले — “विकास की नई उड़ान”
सीएम और डिप्टी सीएम ने दी शुभकामनाएं
“यह केवल उड़ान नहीं, विंध्य के विकास की नई शुरुआत है.” – डॉ. मोहन यादव, सीएम
“जो वादा जनता से किया था, आज वह पूरा हुआ है.” – राजेंद्र शुक्ल, डिप्टी सीएम
क्या होने वाला है बड़ा बदलाव
- रीवा से दिल्ली फ्लाइट अब 2 घंटे में पहुंचाएगी मुसाफिरों को.
- एयर कनेक्टिविटी से पर्यटन और निवेश को नया बूस्ट मिलेगा.
- हफ्ते में तीन दिन चलेगी अलायंस एयर की 72 सीटर सेवा.