Last Updated:
Satna News; सतना के बिरसिंहपुर स्थित प्रसिद्ध गैवीनाथ मंदिर में युवकों द्वारा आतिशबाजी और अभद्र इशारे करते हुए रील बनाने का वीडियो कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. मंदिर परिसर में हुई इस हरकत ने श्रद्धालुओं को चौंका दिया है. लोगों ने धार्मिक स्थल की गरिमा भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.
Satna Viral Video: सतना जिले के बिरसिंहपुर स्थित प्रसिद्ध गैवीनाथ मंदिर परिसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें कुछ युवक खतरनाक आतिशबाजी और अश्लील इशारे करते हुए रील बनाते नजर आ रहे हैं. यह वीडियो सामने आने के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. लोग इसे धार्मिक आस्था का अपमान बता रहे हैं और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
वायरल वीडियो से भड़की भावनाएं
जानकारी के अनुसार, यह वीडियो दीपावली या देवउठनी एकादशी की देर रात का हो सकता है, जो अब सोशल मीडिया में आग की तरह फैल चुका है. इसमें कुछ स्थानीय युवक मंदिर परिसर में पटाखे जलाते हुए अभद्र हरकतें और नाच-गाना करते दिख रहे हैं. मंदिर जैसी पवित्र जगह पर इस तरह का व्यवहार देखकर लोग आक्रोशित हैं. सोशल मीडिया पर वीडियो के वायरल होते ही बड़ी संख्या में लोगों ने टिप्पणी कर युवकों की गिरफ्तारी की मांग शुरू कर दी है.
पुलिस ने लिया मामले का संज्ञान
सभापुर थाना प्रभारी शंखधर द्विवेदी ने लोकल 18 से बताया, पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है. वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को चिह्नित कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. थाना प्रभारी ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर इस तरह की अशोभनीय गतिविधियां कानूनी अपराध की श्रेणी में आती हैं इसलिए किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा.
स्थानीय लोगों ने जताया विरोध
वीडियो वायरल होने के बाद बिरसिंहपुर और आसपास के गांवों में लोगों ने नाराजगी जताई है. उनका कहना है कि धार्मिक स्थलों पर इस तरह का अशोभनीय आचरण बर्दाश्त नहीं किया जा सकता. नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त उदाहरण पेश किया जाए ताकि आगे कोई इस तरह की गलती करने की हिम्मत न करें.
श्रद्धा और संस्कृति का प्रतीक गैवीनाथ मंदिर
बता दें कि गैवीनाथ मंदिर सतना जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक माना जाता है. सावन और शिवरात्रि के दौरान यहां हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं. ऐसे पवित्र स्थल पर सोशल मीडिया की लोकप्रियता पाने के लिए अश्लील रील बनाना न सिर्फ कानूनन गलत है, बल्कि समाजिक दृष्टि से भी निंदनीय है. ऐसे कई मामले पहले भी सतना के वेंकटेश मंदिर और रामवन से सामने आ चुके हैं. हालांकि, पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है.
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म… और पढ़ें