भोपाल की मॉडल खुशबू वर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में एक नया खुलासा हुआ है। डॉक्टरों के मुताबिक खुशबू ने करीब डेढ़ साल पहले भी खुदकुशी की कोशिश की थी। उसके हाथ पर कट के निशान मिले हैं। वहीं पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत की वजह ज्या
.
खजूरी सड़क थाना प्रभारी दिव्या के मुताबिक पुलिस ने इस मामले में उसके बॉयफ्रेंड कासिम को हिरासत में लिया था जिससे प्रारंभिक पूछताछ के बाद छोड़ दिया है। कासिम ने पुलिस को बताया कि खुशबू और वह पिछले डेढ़ साल से लिव इन रिलेशनशिप में थे। हालांकि, खुशबू के परिजन ने आरोप लगाया है कि कासिम ने उसकी हत्या की है। उन्होंने थाने पर आवेदन भी दिया था।
इस आवेदन पर खजूरी सड़क थाने ने कासिम के खिलाफ लव जिहाद, मारपीट और एससी-एसटी एक्ट के तहत जीरो पर FIR दर्ज की है। इसे छोला मंदिर थाने ट्रांसफर किया जाएगा।
हाथ पर ‘हेजिटेशन कट’ के निशान भास्कर उस निजी अस्पताल में पहुंचा जहां कासिम ने खुशबू को भर्ती कराया था। अस्पताल की डॉक्टर इरा दुबे के मुताबिक जब कासिम खुशबू को लेकर आया था, तब उसका शरीर पूरी तरह से ठंडा हो चुका था। उसकी पल्स भी नहीं चल रही थी, आंखें पथरा गई थीं और ब्लड प्रेशर तो बिल्कुल ही नहीं था। डॉ. इरा ने बताया कि कपड़े पर ऐसे दाग थे जैसे उसने खूब उल्टियां की हो।
पूरा शरीर अकड़ चुका था। जब हमने उसके शरीर की जांच की तो पाया कि उसके हाथ पर कट के निशान थे। जिसे हेजिटेशन कट कहते हैं। डॉ. इरा का कहना है कि इन निशान को देखकर लगता है कि खुशबू ने करीब 1 साल पहले खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की थी। खुशबू को अस्पताल लाने के बाद डॉक्टरों ने उसका ECG किया, रात करीब 10:03 पर ECG पर पल्स रेट नजर नहीं आई, इसी के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सुबह से खुशबू के पेट में था दर्द कासिम ने पुलिस को बताया कि वह उज्जैन का रहने वाला है और 8 तारीख को वह खुशबू को अपनी मां और बहन से मिलवाने गया था। एक दिन रूककर 9 नवंबर को वापस लौटने वाले थे। सुबह खुशबू ने ही सभी के लिए चाय बनाई थी, हालांकि वह सुबह से ही उल्टियां कर रही थी। जब हम लोग बस में बैठे तो उसकी तबीयत ज्यादा खराब लग रही थी।
बस ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि वह बस में चढ़ भी नहीं पा रही थी। बस में बैठते ही खुशबू सो गई। कासिम ने पुलिस को बताया कि भोपाल आने से पहले उसने खुशबू को उठाने की कोशिश की, तो उसने रिस्पॉन्स नहीं किया। इसके बाद बस को फंदा के पास नाके पर रुकवाया गया और वहां से कासिम खुशबू को ऑटो में लेकर पास के प्राइवेट अस्पताल ले गया।
यहां उसने खुद को खुशबू का बॉयफ्रेंड बताया था। डॉक्टरों के मुताबिक जब डॉक्टरों ने खुशबू को मृत घोषित कर दिया तब उसी ने परिजन को कॉल कर अस्पताल बुलाया।

कासिम खुद ही खुशबू को स्ट्रेचर पर लिटाकर अस्पताल के अंदर ले गया था।
दो साल से एक दूसरे को जानते थे, प्रेग्नेंट थी खुशबू कासिम ने पुलिस को बताया कि वह एक चाय का कैफे चलाता था। खुशबू और उसकी मुलाकात तीन साल पहले एक लाउंज में हुई थी, इसके बाद सोशल मीडिया पर बात होने लगी। डेढ़ साल पहले दोनों रिलेशन में आए थे और एक साथ लिव इन में रह रहे थे। कासिम ने पुलिस को बताया कि खुशबू के गर्भ में मेरा ही बच्चा था। उसने पुलिस को ये भी बताया कि वह दोनों जल्द ही शादी करने वाले थे। हाल ही में इसकी जानकारी परिजन को दी थी। मैंने ही खुशबू की मां को ये बात बताई थी।
प्रेग्नेंसी कॉम्पलिकेशन से हुई मौत 11 नवंबर को आई खुशबू की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पता चला है कि वह प्रेग्नेंट थी। खजूरी सड़क की थाना प्रभारी दिव्या ने बताया कि खुशबू की दाहिनी फैलोपियन ट्यूब (गर्भाशय नली) रेप्चर हो गई थी। गर्भाशय नली रेप्चर होने से इंटरनल ब्लीडिंग हुई जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने आगे बताया कि फैलोपियन ट्यूब रेप्चर क्यों हुआ है इसके लिए बिसरा जांच की जाएगी। पीएम रिपोर्ट में मारपीट की पुष्टि नहीं हुई है। खुशबू के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं।

खुशबू बैंक की नौकरी छोड़कर मॉडलिंग करने लगी थी।
मां बोली- कासिम ने हत्या की, हमें इंसाफ चाहिए खुशबू की मां लक्ष्मी अहिरवार का कहना है कि तीन दिन पहले कासिम ने कॉल किया था। उसने बताया था कि मैं मुसलमान हूं, आपकी बेटी मेरे साथ है। आप फिक्र मत करो। मैं उसे साथ लेकर उज्जैन जा रहा हूं। बेटी ने भी बात कर बताया था कि आप फिक्र मत करो, कासिम अच्छा लड़का है, मैं उसके साथ हूं। आप परेशान मत होना। बाद में हमें पता लगा कि बेटी कासिम के साथ रिलेशन में थी।
उसी ने बेटी की हत्या की है। उसके शरीर पर चोट के निशान थे। हमें इंसाफ चाहिए, बेटी की पीट-पीटकर हत्या की गई है। दोषी को सख्त सजा मिलना चाहिए। खुशबू की बड़ी बहन काजल अहिरवार ने बताया कि हम तीन बहनों में खुशबू सबसे छोटी थी। 2 महीने पहले लटेरी में रहने वाले कासिम के एक दोस्त की पत्नी से बहन का विवाद हुआ था, तब कासिम ने ही मेरी बहन से मारपीट की थी।
खुशबू और कासिम एक साथ भानपुर मल्टी में रह रहे थे। करीब डेढ़ महीने से उनके फ्लैट में ताला लगा है। कासिम शराब तस्करी के मामले में जेल चला गया था, जिसके बाद खुशबू कुछ समय यहां रही। बाद में वह मां के घर मंडी बामोरा चली गई। कासिम के जेल से आते ही दोनों फिर एक साथ रहने लगे।

कासिम के खिलाफ लव जिहाद का केस दर्ज खजूरी सड़क थाने पर मृतिका की बहन काजल अहिरवार के बयान दर्ज हुए। एसआई संतराम खन्ना के मुताबिक काजल ने बताया कि कासिम ने राहुल बनकर खुशबू से दोस्ती की थी। वह शादी करने के लिए खुशबू पर धर्म बदलने का दबाव बना रहा था। इसके लिए उसे प्रताड़ित करता था। इसी थाना क्षेत्र की भानपुर मल्टी में किराए से खुशबू रहती थी। वहीं आरोपी ने खुशबू से संबंध बनाए थे। इस बयान के आधार पर पुलिस ने कासिम के खिलाफ लव जिहाद, SC-ST एक्ट और मारपीट की धाराओं में जीरो पर कायमी की है। ये केस डायरी छोला मंदिर थाने में ट्रांसफर की जाएगी।
ये खबर भी पढ़ें….
मॉडल खुशबू गर्भवती थी, बच्चेदानी की नली फटी थी:भोपाल में पीएम रिपोर्ट में खुलासा; बॉयफ्रेंड कासिम के साथ डेढ़ साल से लिव इन में थी

भोपाल की मॉडल खुशबू वर्मा (27) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। मॉडल गर्भवती थी। उसकी फैलोपियन ट्यूब (गर्भाशय नली) पंक्चर हो गई थी। यानी बच्चेदानी की नली फटी थी। प्रेग्नेंसी कॉम्पलिकेशन के चलते मौत होने की पुष्टि हुई है। कॉम्पलिकेशन कैसे हुआ इसके कारण जानने के लिए बिसरा जांच की जाएगी। पीएम रिपोर्ट में मारपीट की पुष्टि नहीं हुई है। खुशबू के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। वहीं कासिम को लेकर पुलिस का कहना है कि परिवार के बयान और जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई होगी। पूरी खबर पढ़ें