Khargone Market: महिलाएं हमेशा ऐसी जगह की तलाश करती हैं, जहां अच्छी क्वॉलिटी में उनकी जरूरत की सामग्री सस्ते दाम पर मिल जाए. फिर चाहे बात ज्वेलरी की हो, कॉस्मेटिक की, जूते-चप्पल, कपड़ों या घर के उपयोगी सामान की. जब उन्हें ऐसी किसी जगह के बारे में पता चलता है, तो वहां भीड़ अपने आप बढ़ जाती है. कुछ ऐसा ही नजारा इन दिनों खरगोन के मंडलेश्वर में देखा जा रहा है.
यहां इन दिनों एक ऐसा बाजार लगा है, जहां हर चीज सस्ती मिल रही है. आप यकीन नहीं करेंगे, लेकिन महिलाओं की सबसे पसंदीदा जयपुरी, पंजाबी और राजस्थानी जूतियां मात्र 150 रुपए में मिल रही हैं. वहीं, कान के झुमके, बालियां, बिंदी, कंगन, पायल, लिपस्टिक, नेलपॉलिश, हेयरबेल्ट जैसे कई आइटम केवल 10 से 30 रुपए में उपलब्ध हैं. यही वजह है कि शाम होते ही यह बाजार महिलाओं से खचाखच भर जाता है.
मंडलेश्वर में लगा खास बाजार
बता दें, ये सभी चीजें मंडलेश्वर के स्कूल मैदान में लगे मीना बाजार में मिल रही हैं. यहां अलग-अलग शहरों से आए दुकानदारों ने अपनी दुकानें सजाई हैं. खास बात ये कि हर दुकान पर किसी न किसी चीज पर स्पेशल सेल चल रही है. सबसे ज्यादा भीड़ जूते-चप्पल, ज्वेलरी, कॉस्मेटिक और किचन क्रॉकरी की दुकानों पर देखी जा रही है.
राजस्थानी, पंजाबी वैरायटियों की खास डिमांड
दुकान संचालक नावेद शेख ने बताया कि उनके स्टॉल पर जयपुरी, राजस्थानी और पंजाबी जूतियों की खास रेंज रखी गई है. यहां बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए फैंसी डिजाइन की जूतियां और चप्पलें उपलब्ध हैं. खास बात यह है कि किसी भी डिजाइन की कीमत सिर्फ 150 रुपए रखी गई है. उन्होंने बताया कि यह सेल 2 दिसंबर तक चलेगी.
10 रुपये में आर्टिफीशियल ज्वेलरी
वहीं, दुकानदार जावेद ने बताया कि उन्होंने कटलरी, ग्रॉसरी और किचन और आर्टिफिशियल ज्वेलरी सामग्री की सेल लगाई है, जो 28 नवंबर तक रहेगी. उनके अनुसार, यहां बर्तन, ग्रॉसरी आइटम और घर के अन्य उपयोगी सामान बेहद कम दाम में मिल रहे हैं. महिलाएं किचन की जरूरत का पूरा सामान एक ही जगह से खरीद लेती हैं. साथ ही श्रृंगार सामग्री भी 10 रुपये के उपलब्ध है.
10 से 30 रुपये में हर आइटम
मीना बाजार में अन्य दुकानों पर भी कई तरह के आकर्षक ऑफर चल रहे हैं. यहां चूड़ी, कंगन, बक्कल, बिंदी, पायल, झुमके, मंगलसूत्र, अंगूठी, लिपस्टिक, नेलपॉलिश, माथे का टीका, हेयर बेल्ट और कॉस्मेटिक आइटम्स की भरमार है. इन सभी की कीमतें 10 से 30 रुपये तक रखी गई हैं. महिलाएं कहती हैं कि इस बाजार में उन्हें सस्ते दाम पर हर जरूरत की चीज मिल जाती है. फिक्स रेट होने से कोई भी चीज लेने के लिए ज्यादा मोलभाव करने की जरूरत नहीं पड़ती.