ग्वालियर के महाराजपुरा थाना पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुरुवार रात टाइगर चौक क्रेसर पहाड़िया के पास से मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की। पकड़े गए चोरों के पास से सोने के आभूषण और नकदी बरामद की गई है।
.
पुलिस इन चोरों तक घटनास्थल से मिले CCTV फुटेज के आधार पर पहुंची थी। फिलहाल, पुलिस पकड़े गए चोरों से शहर में हुई अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
मामले की जानकारी देते हुए महाराजपुरा थाना प्रभारी यशवंत गोयल ने बताया कि दीनदयाल नगर के मकान नंबर GL-383 निवासी सपना जादौन पत्नी अनिल जादौन (48) ने शिकायत दर्ज कराई थी। सपना ने बताया कि 10 नवंबर की रात करीब 2 बजे जब वह अपनी ननद के साथ कमरे में सो रही थीं, तभी दो अज्ञात चोर घर में घुस आए।
चोरों ने घर में रखे बक्से का ताला तोड़कर उसमें से सोने के आभूषण और 1.60 लाख रुपए नकद चुरा लिए। घर में खटपट की आवाज सुनकर सपना दूसरे कमरे में पहुंचीं, तो उन्हें दो अज्ञात व्यक्ति घर के दरवाजे से भागते हुए दिखाई दिए। पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
चोरों की तलाश में पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के करीब सौ सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इन फुटेज में कुछ संदिग्धों को चोरी के बाद भागते हुए देखा गया, जिनकी पहचान की गई। CCTV फुटेज के आधार पर ही पुलिस टीम चोरों के ठिकाने तक पहुंची और घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद चोरों की निशानदेही पर सपना जादौन के घर से चोरी किए गए सोने के आभूषण और नकदी बरामद कर ली गई है।