दतिया में जिला अस्पताल के पीछे सेवढ़ा चुंगी बाईपास की ढलान पर गुरुवार रात धान से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हुआ और ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
.
घायल युवक की पहचान 23 वर्षीय नकुल सेन के रूप में हुई है। वह रिंग रोड स्थित भदौरिया की खिड़की का रहने वाला है और हेयर सैलून चलाता है। उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
धान लेकर डबरा जा रहा था ट्रैक्टर, ड्राइवर फरार
हादसा ढलान वाले उस हिस्से पर हुआ जहां से सड़क सीधे अस्पताल की बाउंड्री वॉल तक जाती है। ट्रैक्टर-ट्रॉली बाइक को घसीटते हुए दीवार से जा टकराई। बाइक ट्रॉली के नीचे फंसी रह गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रैक्टर ड्राइवर खेत की धान बेचने डबरा जा रहा था। टक्कर लगते ही वह ट्रैक्टर-ट्रॉली वहीं छोड़कर फरार हो गया।
इस ढलान पर पहले भी हादसे हुए
कुछ महीने पहले भी इसी ढलान पर एक इलेक्ट्रिक वाहन अनियंत्रित होकर बाउंड्री वॉल से टकराया था, जिसमें चार लोग घायल हुए थे। इसके बाद प्रशासन ने ढलान पर स्पीड ब्रेकर और लोहे की रेलिंग लगवाई थी, लेकिन हादसे जारी हैं। कोतवाली पुलिस ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।