IND vs SA 1st Test Day 1 Highlights: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच कोलकाता में पहला टेस्ट खेला जा रहा है. ईडन गार्डन्स मैदान पर चल रहे मुकाबले के पहले दिन जसप्रीत बुमराह ने तहलका मचाते हुए अफ्रीकी टीम को घुटनों पर ला दिया. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने के बावजूद प्रोटियाज कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकी और पूरी टीम सिर्फ 159 रनों पर ढेर हो गई.
बुमराह के नाम रहा कोलकाता टेस्ट का पहला दिन
कोलकाता टेस्ट का पहला दिन पूरी तरह से स्टार पेसर जसप्रीत बुमराह के नाम रहा. पिच भले ही स्पिनरों के लिए मददगार थी, बुमराह ने बता दिया कि काबिलियत दिखाने के लिए वो पिच के मोहताज नहीं हैं. उन्होंने 14 ओवरों में सिर्फ 27 रन देकर 5 विकेट चटकाए और टेस्ट करियर का 16वां पंजा खोला.
IND vs SA 1st Test: 159 रनों पर ढेर हुई साउथ अफ्रीका टीम
साउथ अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला तो किया, लेकिन उनके बल्लेबाज स्कोरबोर्ड पर बड़ा टोटल बनाने में असफल रहे. एडेन मार्करम और रयान रिकेलटन की ओपनिंग जोड़ी ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 57 रनों की साझेदारी निभाई. इसके बाद बुमराह ने रिकेलटन की गिल्लियां बिखेर दी और फिर साउथ अफ्रीकी पारी ताश के पत्तों की तरह ढह गई. उन्होंने 9 विकेट महज 102 रनों पर खो दिए. भारत की तरफ से बुमराह ने सबसे अधिक 5 विकेट, सिराज और कुलदीप ने 2-2 विकेट और अक्षर पटेल ने एक विकेट हासिल किए. साउथ अफ्रीका की ओर से मार्करम ने सबसे ज्यादा 31 रन बनाए.
Jasprit Bumrah was on a roll at the Eden Gardens
Watch his outstanding spell https://t.co/If1vSkt7ec#TeamIndia | #INDvSA | @IDFCFIRSTBank | @Jaspritbumrah93 pic.twitter.com/01QZZn3d0w
— BCCI (@BCCI) November 14, 2025
भारत ने खोया यशस्वी जायसवाल का विकेट
पहले दिन का खेल खत्म होने तक टीम इंडिया ने एक विकेट के नुकसान पर 37 रन बना लिए हैं. क्रीज पर केएल राहुल (13 रन) और वाशिंगटन सुंदर (6 रन) बनाकर डटे हैं. भारत की शुरुआत अच्छी नहीं हुई और स्टार ओपनर यशस्वी जायसवाल सिर्फ 12 रन बनाकर मार्को जेन्सन की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए.
ये भी पढ़ें: आखिर कितनी है टेम्बा बावुमा की हाइट? बुमराह ने बीच मैदान पर उड़ाया मजाक, VIDEO लगा रही आग!