लोहामंडी इलाके में लंबे वक्त से ट्रैफिक जाम, अव्यवस्थाओं और अतिक्रमण की शिकायतों के बाद शनिवार को महापौर और विधायक लोहामंडी पहुंचे। उनके साथ ट्रैफिक डीसीपी आनंद कलादगी, पार्षद सहित निगम के अधिकारी व व्यापारी भी थे।
.
महापौर पुष्यमित्र भार्गव और विधायक गोलू शुक्ला ने पैदल अग्रसेन चौराहे से जूनी इंदौर ब्रिज तक और लोहा मंडी परिसर से मुख्य सड़कों की स्थिति को देखा। इस दौरान उन्होंने ये पाया कि क्षेत्र में भारी वाहनों की अनियंत्रित एंट्री, अतिक्रमण और अनियमित लोड-अनलोड गतिविधियों के कारण लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे व्यापारियों और आमजन दोनों को दिक्कत होती है।
लोहामंडी इलाके का पैदल निरीक्षण करने पहुंचे महापौर-विधायक।
महापौर ने कहा- टाइम फिक्स करें महापौर ने अधिकारियों से कहा है कि लोहामंडी इलाके की सड़कों के दोनों ओर हो रहे अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए, जिससे रोड बाधित ना हो। लोहामंडी परिसर की आंतरिक रोड जनभागीदारी (PPP मॉडल) के माध्यम से जल्द बनवाई जाए।
इलाके में लगने वाले जाम को स्थायी रूप से नियंत्रित करने के लिए ट्रक, मालवाहक और बेसन लोड-अनलोड गाड़ियों की एंट्री और समय फिक्स कर नई व्यवस्था तैयार की जाए। इस संबंध में व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और ट्रैफिक विभाग के साथ विशेष समन्वय बैठक करें, ताकि एक स्थायी समाधान लागू किया जा सके।

व्यापारियों से चर्चा करते महापौर और विधायक।
विधायक शुक्ला ने कहा कि लोहामंडी इलाका इंदौर का महत्वपूर्ण व्यापारिक केंद्र है और यहां सुचारू ट्रैफिक और सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने व्यापारियों से सहयोग की अपेक्षा जताते हुए कहा कि अव्यवस्था दूर करने में प्रशासन और व्यापार जगत दोनों की संयुक्त भागीदारी जरूरी है।
महापौर ने कहा कि निगम एवं प्रशासन द्वारा जल्द ही एक कार्ययोजना बनाकर लोहा मंडी क्षेत्र में सड़क, यातायात और अतिक्रमण से संबंधित समस्याओं का समाधान किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियां और अधिक सुचारू हो सकें।