807 दिन का इंतजार खत्म… बाबर आजम ने 20वां वनडे शतक जड़ा

807 दिन का इंतजार खत्म… बाबर आजम ने 20वां वनडे शतक जड़ा


Last Updated:

Babar Azam 20th ODI Century: बाबर आजम ने 84 इंटरनेशनल पारियों के बाद शतक जड़ा. उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे वनडे में नाबाद शतकीय पारी खेलकर पाकिस्तान को वनडे सीरीज में जीत दिलाई. पाकिस्तान ने दूसरे वनडे में श्रीलंका को 8 विकेट से हराया. बाबर की अपने घर में यह आठवीं वनडे सेंचुरी है. यह किसी भी पाकिस्तानी बल्लेबाज का वनडे में अपने घर में सर्वाधिक सेंचुरी का रिकॉर्ड है. उन्होंने मोहम्मद यूसुफ के सात शतक का रिकॉर्ड तोड़ा.

बाबर आजम ने करियर का 20वां वनडे शतक जड़ा.

नई दिल्ली. पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम ने रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ दूसरे वनडे में शानदार शतक लगाकर अपने दो साल के शतक के सूखे को आखिरकार तोड़ दिया. दाएं हाथ के बल्लेबाज बाबर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दो साल दो महीने और 15 दिन के अंतराल के बाद 20वां वनडे शतक जड़ा. बाबर के नाबाद शतक के दम पर पाकिस्तान ने श्रीलंका को दूसरे वनडे में 8 विकेट से हरा दिया. तीन मैचों की वनडे सीरीज में मेजबान पाकिस्तान की टीम 2-0 से आगे हो गई है. बाबर को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया.

स्टार बल्लेबाज बाबर आजम (Babar Azam) ने प्रमोद मदुशन की गेंद पर एक रन लेकर बहुप्रतीक्षित शतक पूरा किया. उन्होंने अपने वनडे करियर के 20वें शतक को पूरा करने के लिए 115 गेंदों का सामना किया. इससे पहले, बाबर ने आखिरी बार 2023 में नेपाल के खिलाफ एशिया कप मैच में अंतरराष्ट्रीय शतक बनाया था. 31 वर्षीय इस खिलाड़ी ने शतक के सूखे के दौरान सभी प्रारूपों में कई अर्धशतक बनाए, लेकिन 100 रन का आंकड़ा पार नहीं कर पाए थे. श्रीलंका की ओर से रखे गए 289 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 48.2 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर जीत दर्ज कर ली. बाबर ने 119 गेंदों पर नाबाद 102 रन बनाए जिसमें 8 चौके शामिल थे. फखर जमां ने 78 रन की पारी खेली वहीं रिजवान 51 रन बनाकर नाबाद लौटे.

बाबर आजम ने करियर का 20वां वनडे शतक जड़ा.

83 पारी के बाद बाबर के बल्ले से निकला शतक
इस सप्ताह की शुरुआत में श्रीलंका के खिलाफ चल रही घरेलू सीरीज के पहले वनडे में बाबर आजम ने अपनी चमक दिखाई, लेकिन वानिन्दु हसरंगा ने उन्हें गुगली पर आउट कर दिया. 29 रनों की इस पारी ने अंतरराष्ट्रीय शतक के उनके इंतजार को और बढ़ा दिया था. इससे पहले वे सभी प्रारूपों में 83 पारियों तक यह उपलब्धि हासिल नहीं कर पाए थे. इस तरह वे बिना अंतरराष्ट्रीय शतक लगाए सबसे ज्यादा पारियां खेलने वाले बल्लेबाजों की सूची में भारतीय कप्तान विराट कोहली की बराबरी पर आ गए. इस सूची में श्रीलंका के दिग्गज सनथ जयसूर्या पहले स्थान पर हैं. हालंकि अपने पिछले अंतरराष्ट्रीय शतक के बाद से उनकी 84वीं अंतरराष्ट्रीय पारी उनके लिए भाग्यशाली साबित हुई क्योंकि 807 दिनों के इंतजार के बाद आखिरकार उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की.

बाबर के इंटरनेशनल करियर का 32वां शतक है
बाबर के अंतरराष्ट्रीय करियर का यह 32वां शतक है. उन्होंने टेस्ट में नौ शतक और टी20 अंतरराष्ट्रीय में तीन शतक लगाए हैं. 32 शतकों के अलावा दाएं हाथ के इस बल्लेबाज के नाम सभी प्रारूपों में 104 अर्धशतक भी हैं. बाबर ने पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा वनडे शतकों के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली है. श्रीलंका के खिलाफ शतक लगाकर बाबर आजम ने सईद अनवर के राष्ट्रीय रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. अनवर ने 244 पारियों में 20 शतक बनाए थे, जबकि बाबर के अब 136 पारियों में 20 शतक हैं.

बाबर ने डिविलयर्स को पीछे छोड़ा
31 वर्षीय इस बल्लेबाज ने दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स को भी पीछे छोड़ दिया. वनडे इतिहास में 20 शतक बनाने वाले तीसरे सबसे तेज बल्लेबाज बन गए, उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान से 39 पारियां कम खेली. बाबर इस सूची में केवल दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला और भारत के विराट कोहली से पीछे हैं, जिन्होंने क्रमशः 108 और 133 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी. यह श्रीलंका के खिलाफ उनका चौथा वनडे शतक था, जिससे वह पूर्व कप्तान इंजमाम-उल-हक और मोहम्मद हफीज के साथ इस द्वीपीय देश के खिलाफ संयुक्त रूप से दूसरे सबसे अधिक शतक बनाने वालों की बराबरी पर आ गए.

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से… और पढ़ें

homecricket

807 दिन का इंतजार खत्म… बाबर आजम ने 20वां वनडे शतक जड़ा



Source link