करणी सेना ने हरदा आंदोलन के लिए जनसंपर्क शुरू कर दिया है।
झाबुआ में करणी सेना परिवार ने 21 दिसंबर को हरदा में होने वाले ‘जन क्रांति न्याय आंदोलन’ के लिए जनसंपर्क यात्रा शुरू की है। यह यात्रा 16 नवंबर को तारखेड़ी स्थित विश्व मंगल धाम से शुरू हुई।
.
यात्रा के दौरान करणी सेना परिवार ने तारखेड़ी, उमरकोट, सेमलिया, झकनावदा, धतुरिया, बखतपुरा और सेमरोड जैसे गांवों का दौरा किया। उन्होंने व्यापारियों और निवासियों को अपनी 21 सूत्रीय मांगों से संबंधित पर्चे वितरित किए और न्याय की लड़ाई में शामिल होने की अपील की।
लोगों से शामिल होने की अपील
करणी सेना की प्रमुख मांगों में हरदा आंदोलन से जुड़े दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई, ईडब्ल्यूएस का सरलीकरण, आर्थिक आधार पर आरक्षण, किसानों के लिए उचित मुआवजा और पारदर्शी बीमा नीति शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, गौ माता का संरक्षण और प्रदेश के युवाओं को सरकारी नौकरियों में प्राथमिकता देने की मांग भी की गई है।
हरदा लाठीचार्ज की न्यायिक जांच, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
संभाग अध्यक्ष ठाकुर महेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि उनकी मुख्य मांगों में 12-13 जुलाई, 2025 को हरदा लाठीचार्ज की न्यायिक जांच और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई शामिल है। उन्होंने देवास और हरदा में दर्ज झूठे मुकदमों को वापस लेने, किसानों को मुआवजा देने और गौमाता के संरक्षण की भी मांग की। राठौर ने कहा कि ये 21 सूत्रीय मांगें करणी सेना परिवार के साथ-साथ सर्व समाज की हैं और उन्हें आंदोलन में भरपूर समर्थन मिल रहा है।
यह यात्रा 16 नवंबर को तारखेड़ी स्थित विश्व मंगल धाम से शुरू हुई।
इस जनसंपर्क यात्रा में करणी सेना के प्रदेश महामंत्री नेपालसिंह चलदु, प्रदेश महासचिव लोकेंद्र मुंदेडी, सचिव प्रताप सिंह सिसोदिया, प्रदेश टीम से सुरेंद्र सिंह जड़वासा, झाबुआ जिला अध्यक्ष नितिराजसिह बोडायता, संयोजक जीवनसिंह पंवार, थांदला तहसील प्रभारी भानुप्रताप सिंह, जिला पदाधिकारी शक्ति सिंह सेमलिया और झाबुआ तहसील अध्यक्ष अमित सिंह राठौड़ सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।