इटारसी में पूज्य पंचायत सिंधी समाज की रविवार दोपहर सिंधी धर्मशाला में आयोजित बैठक उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट करने के मामले में बुलाए गए युवक ने हंगामा कर दिया।
.
इस दौरान समाज के संरक्षक मोहन मोरवानी के साथ मारपीट हुई और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद समाजजन मोरवानी के साथ थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवाद
फरियादी मोहन मोरवानी (67), निवासी सिंधी कॉलोनी, ने बताया कि एलकेजी कॉलोनी निवासी सन्नी लालवानी पिछले तीन महीनों से समाज के पदाधिकारियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर भ्रामक और अनर्गल बातें पोस्ट कर रहा था।
इससे समाज में नाराजगी फैल रही थी, जिसके समाधान के लिए दोपहर 12 बजे बैठक रखी गई। बैठक में सन्नी के साथ उसके भाई रवि और विनोद को भी समझाइश देने के लिए बुलाया गया था।
बैठक के दौरान हंगामा
मोरवानी के अनुसार, दोपहर करीब 1:30 बजे तीनों भाई सभागृह पहुंचे। जैसे ही समाजजन सन्नी को सोशल मीडिया पर गलत पोस्ट न करने की बात समझा रहे थे, वह अचानक उत्तेजित हो गया। उसने आरोप लगाया कि वह कई दिनों से पंचायत के पैसों का हिसाब मांग रहा है, लेकिन उसे जानकारी नहीं दी गई।
पदाधिकारियों ने बताया कि पिछली जनरल मीटिंग में पूरा लेखाजोखा प्रस्तुत किया गया था और सन्नी उसमें मौजूद भी था। इसके बावजूद वह हिसाब अपने घर पर देने की जिद पर अड़ गया और गालीगलौच शुरू कर दी।
संरक्षक के साथ मारपीट, दी धमकी
उत्तेजित सन्नी ने मोहन मोरवानी का कॉलर पकड़ा, उन्हें धक्का देकर नीचे गिरा दिया और मारपीट की। मौके पर मौजूद कैलाश नवलानी, श्रीचंद खुरानी, समाज अध्यक्ष एवं पार्षद धर्मदास मिहानी, अर्जुनदास नवलानी सहित अन्य सदस्यों ने किसी तरह बीच-बचाव किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मारपीट और धमकी देने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।