इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर बीती रात उस समय हड़कंप मच गया, जब शादी समारोह से धार लौट रहे जैन परिवार के चार पहिया वाहन पर अज्ञात बदमाशों ने पथराव कर दिया। यह घटना भेरूचोकी के समीप हुई, जिसमें कार के कांच चकनाचूर हो गए। हालांकि, चालक की सूझबूझ से एक बड़ा
.
जानकारी के अनुसार, धार निवासी जैनम ललित नाहर अपने परिवार के साथ राजगढ़ से एक शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। उनकी कार जैसे ही भेरूचोकी क्षेत्र में पहुंची, सड़क किनारे खड़े नकाबपोश बदमाशों ने वाहन पर अचानक पथराव शुरू कर दिया।
पत्थर सीधे विंडशील्ड और साइड के कांच पर लगे, जिससे कांच टूटकर केबिन में बिखर गए। परिवार के सदस्य दहशत में आ गए और चीखने लगे। जैनम ने हिम्मत दिखाते हुए गाड़ी की रफ्तार बढ़ाई और कुछ दूरी पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर जाकर वाहन रोका।

पेट्रोल पंप से ही डायल 112 और सरदारपुर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सरदारपुर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और देर रात तक क्षेत्र में बदमाशों की तलाश की। पुलिस को घटनास्थल पर कांच के टुकड़े और पथराव के निशान भी मिले।
जैनम नाहर ने बताया कि बदमाश सिर और चेहरे ढंके हुए थे। उन्होंने हमारी कार आते ही अचानक पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। वाहन में पूरा परिवार था, लेकिन भगवान की कृपा से किसी को चोट नहीं आई।
घटना से परिवार अभी भी दहशत में है। सोमवार को जैनम ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सरदारपुर थाने में आवेदन दिया। सरदारपुर थाना प्रभारी रोहित कच्छावा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेज दिया गया था और बदमाशों को पकड़ने के लिए जांच पड़ताल की जा रही है।
