Last Updated:
MP News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मक्सी अब सेंट्रल इंडिया का नया ग्रीन मैन्युफैक्चरिंग हब बनेगा. उन्होंने 8174 करोड़ रुपए लागत वाली छह औद्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया. उज्जैन-मक्सी फोर लेन सड़क के निर्माण का भी शुभारंभ किया गया. मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन-शाजापुर क्षेत्र अब ग्रीन एनर्जी उपकरणों का प्रमुख उत्पादन केंद्र बनेगा.
शाजापुर/उज्जैन. मक्सी में रविवार को बड़ा औद्योगिक कार्यक्रम हुआ. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कई अहम घोषणाएं कीं. उन्होंने कहा कि मक्सी अब सेंट्रल इंडिया का ग्रीन मैन्युफैक्चरिंग हब बनेगा. इस क्षेत्र में ग्रीन एनर्जी उपकरणों का बड़ा उत्पादन होगा. कार्यक्रम में 8174 करोड़ रुपए की औद्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया गया. इसमें छह इकाइयां शामिल हैं. चार इकाइयों का भूमिपूजन और दो इकाइयों का लोकार्पण हुआ. मुख्यमंत्री ने उज्जैन से मक्सी तक 38.95 किलोमीटर लंबे फोर लेन मार्ग का शिलान्यास भी किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन-देवास-शाजापुर क्षेत्र अब नया औद्योगिक सर्किट बन रहा है. इस क्षेत्र में कनेक्टिविटी, भूमि और स्किल्ड वर्कफोर्स बड़े निवेश को आकर्षित कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि यहां की औद्योगिक इकाइयां स्थानीय युवाओं के लिए बड़ा रोजगार आधार बनेंगी. नए प्रोजेक्ट से 15 हजार से अधिक रोजगार तैयार होंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश विकास की स्थिर यात्रा पर है. पारंपरिक संस्कृति के साथ उद्योगों की नई ऊर्जा यहां दिखाई दे रही है. उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार प्रदेश को समृद्धि की नई दिशा दे रही है. उन्होंने कहा कि मक्सी की हरित भूमि आने वाले वर्षों में उद्योग और ऊर्जा का बड़ा केंद्र बनेगी.
487 करोड़ लागत वाले 20 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन
मुख्यमंत्री ने 487 करोड़ लागत वाले 20 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया. इनमें 68.93 करोड़ के 11 तैयार कार्य और 418.42 करोड़ के 9 नए कार्य शामिल हैं. इस दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल सांदीपनि विद्यालय के नए भवन का लोकार्पण भी हुआ. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 60 हजार किसानों को 39.50 करोड़ रुपए राहत राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की. उन्होंने कहा कि सरकार ने प्राकृतिक आपदाओं में किसानों को 1802 करोड़ रुपए से अधिक की सहायता दी है. भावांतर योजना के तहत हाल ही में 1.33 लाख किसानों को 233 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए गए हैं.
मक्सी में कौशल विकास लैब की स्थापना
मुख्यमंत्री ने लखुन्दर सिंचाई परियोजना को मंजूरी दी. उन्होंने बेरछा-झोकरा-मक्सी सड़क मार्ग के उन्नयन कार्य, लखुन्दर नदी पर नए उच्च स्तरीय पुल और मक्सी में कौशल विकास लैब की स्थापना की घोषणा भी की. शाजापुर और मक्सी नगर परिषदों को 10-10 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए. कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की मांगें रखीं. सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, विधायक अरुण भीमावद और जैक्सन इंटीग्रेटेड सोलर लिमिटेड के पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया. उद्योग प्रतिनिधियों ने कहा कि नया प्लांट जुलाई 2026 तक तैयार होगा.
सुमित वर्मा, News18 में 4 सालों से एसोसिएट एडीटर पद पर कार्यरत हैं. बीते 3 दशकों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते हैं. देश के नामचीन मीडिया संस्थानों में सजग जिम्मेदार पदों पर काम करने का अनुभव. प…और पढ़ें
सुमित वर्मा, News18 में 4 सालों से एसोसिएट एडीटर पद पर कार्यरत हैं. बीते 3 दशकों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते हैं. देश के नामचीन मीडिया संस्थानों में सजग जिम्मेदार पदों पर काम करने का अनुभव. प… और पढ़ें