India vs South Africa: साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर खेले गए टेस्ट में भारत को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा. टीम इंडिया के सामने जीत के लिए 124 रनों का लक्ष्य था, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों के लचर प्रदर्शन के कारण प्रोटियाज ने 30 रन से ये मुकाबला जीतकर दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली. पूर्व भारतीय दिग्गज बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने टीम इंडिया की जमकर क्लास लगाई है.
पुजारा ने इस बात से इनकार नहीं किया कि ईडन गार्डन्स की पिच बल्लेबाजी के लिए मुश्किल थी, लेकिन उन्होंने साथ में ये भी कहा कि इस टारगेट का पीछा किया जा सकता था. उन्होंने तो यहां तक कह दिया कि भारत का अपने घर में टेस्ट मैच हारना स्वीकार्य नहीं है और कोलकाता में साउथ अफ्रीका की जीत को वो बड़ा उलटफेर मानते हैं.
टीम इंडिया पर बरसे पुजारा
भारत की शर्मनाक हार के बाद चेतेश्वर पुजारा ने मैच का विश्लेषण करते हुए स्टारस्पोर्ट्स पर कहा, ”मैं इस बात से सहमत नहीं हूं कि ये टीम नई है और इसलिए घर में भी हार गई है. अगर भारतीय टीम इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में जाकर हारे क्योंकि वो ट्रांजिशन से गुजर रही है तो मुझे कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन जो काबिलियत है इस टीम में (सारे खिलाड़ियों का फर्स्ट क्लास रिकॉर्ड देख लीजिए) और फिर भी हम भारत में हारे तो इसका मतलब है कि कुछ गड़बड़ है.”
इंडिया-ए भी जीत सकती है साउथ अफ्रीका के सामने
चेतेश्वर पुजारा ने जोर देते हुए कहा कि हमें अच्छे विकेट पर खेलनी चाहिए, जहां हमारे जीतने का चांस ज्यादा होगा. अगर हम इंडिया-ए की टीम खड़ा कर दें तो वो भी जीत सकती है साउथ अफ्रीका के सामने. इसलिए अगर आप कहेंगे कि ट्रांजिशन के चलते टीम इंडिया अपने घर पर हारी है तो वो चीज स्वीकार नहीं है.
— Star Sports (@StarSportsIndia) November 16, 2025
भारत के लिए 100 से ज्यादा टेस्ट खेल चुके पुजारा ने भारतीय बल्लेबाजों की क्लास लगाते हुए कहा कि इस तरह की पिच पर बैटिंग करने के लिए आपको पहले से अलग तैयारी करनी होती है, लेकिन मुझे नहीं लगा कि हमारे बल्लेबाज तैयार थे. उन्होंने कहा कि आंकड़े उठाकर देख लीजिए, इस मैच में बावुमा ही एकमात्र ऐसे बल्लेबाज थे जिन्होंने 50 का आंकड़ा पार किया. मतलब साफ है कि विकेट आसान नहीं था, लेकिन ऐसी पिच पर बल्लेबाजी के लिए आपको अलग तरीके से तैयारी करनी होती है और शॉट सिलेक्शन पर भी काम करने की जरूरत होती है, जो इस टेस्ट में मिसिंग थी.
गुवाहाटी में खेला जाएगा दूसरा टेस्ट
दो मैचों की सीरीज में 0-1 से पिछड़ने के बाद टीम इंडिया पर काफी दबाव है. अगला मुकाबला 22-26 नवंबर के बीच गुवाहाटी में खेला जाएगा. ईडन गार्डन्स की पिच पर हो रहे विवाद और सवालों के बाद देखना दिलचस्प होगा कि भारतीय हेड कोच गौतम गंभीर गुवाहाटी में कैसी पिच का डिमांड करते हैं.