जीवाजी यूनिवर्सिटी ने स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की पहले और तीसरे सेमेस्टर की परीक्षाएं इसी माह शुरू करके दिसंबर में पूरी कराने का लक्ष्य तय किया है। इतना ही नहीं यूनिवर्सिटी प्रबंधन के सामने जनवरी में इनका परिणाम घोषित करने की भी चुनौती रहेगी। उच्च शिक्षा विभाग के शैक्षणिक कैलेंडर में भी यही समय तय है, लेकिन पिछले कुछ सालों से इसका पालन नहीं हो पाया था, इस वर्ष कैलेंडर के अनुसार ही परीक्षा कराने की व्यवस्था बनाई है। करीब 30 हजार छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। इसके चलते जेयू द्वारा नवंबर के आखिरी सप्ताह में कॉलेजों की परीक्षाएं शुरू होंगी। इनके बीच ही बीएड और एमएड की परीक्षाएं भी इसी माह शुरू हो जाएंगी। 18 नवंबर से शुरू हो रही बीएड तृतीय सेमेस्टर के लिए 37 परीक्षा केंद्र बनाए गए है। परीक्षाओं के साथ ही शुरू हो जाएगा मूल्यांकन परीक्षा नियंत्रक राजीव मिश्रा का कहना है इस बार 2 पेपर होने के बाद परीक्षा केंद्रों से उत्तर पुस्तिकाओं का संग्रहण शुरू हो जाएगा। इसके बाद परीक्षा भवन में इनके बंडल बनवाए जाएंगे और मूल्यांकन के लिए भेजे जाएंगे। जनवरी के दूसरे सप्ताह तक मूल्यांकन और चौथे सप्ताह में परिणाम घोषित हो जाएगा।
Source link