Paige Greco Death: ऑस्ट्रेलियाई पैरालंपिक गोल्ड मेडल विजेता पेज ग्रीको का 28 वर्ष की आयु में निधन हो गया. उनके परिवार ने बताया कि रविवार को एडिलेड स्थित उनके घर में ‘अचानक स्वास्थ्य समस्या’ के बाद उनकी जान चली गई. ग्रीको ऑस्ट्रेलिया की सबसे कुशल पैरा-साइक्लिस्टों में से एक थीं. उन्होंने टोक्यो 2020 पैरालंपिक खेलों में महिलाओं की C1–3 3,000 मीटर व्यक्तिगत परस्यूट स्पर्धा में वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ते हुए ऑस्ट्रेलिया के लिए पहला गोल्ड मेडल जीता था.
पेज ग्रीको कई मेडल अपने नाम किए
ग्रीको ने महिलाओं की C1–3 रोड रेस और टाइम ट्रायल में ब्रॉन्ज मेडल भी जीते. अपने पूरे करियर में कई वर्ल्ड चैम्पियनशिप खिताब और वर्ल्ड कप मेडल जीते, जिनमें 2025 वर्ल्ड चैम्पियनशिप का ब्रॉन्ज मेडल भी शामिल है. ऑससाइक्लिंग के सीईओ मार्ने फेचनर ने कहा, ”पेज के निधन की दुखद खबर सुनकर हम स्तब्ध हैं. पेज एक असाधारण एथलीट थीं जिन्होंने हमारे खेल के उच्चतम स्तरों पर उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कीं. इससे भी बढ़कर उन्होंने अपनी सकारात्मक भावना और साहसी दृष्टिकोण से अपने आसपास के सभी लोगों के जीवन को छुआ.”
फैमिली ने क्या कहा?
ऑससाइक्लिंग द्वारा जारी एक बयान में उनकी मां नताली ग्रीको ने कहा, ”पेज हमारे लिए सब कुछ थीं. उनकी दयालुता, उनका दृढ़ संकल्प और उनकी गर्मजोशी हमारे परिवार को हर दिन छूती थी. उन्होंने हमारे जीवन में ढेर सारी खुशियां और गर्व लाया और उनके जाने का दर्द हम हमेशा अपने साथ रखेंगे. हालांकि हम उनके जाने से बहुत दुखी हैं, लेकिन हमें उनके व्यक्तित्व और ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व करने के उनके तरीके पर बहुत गर्व है.” पैरालिंपिक ऑस्ट्रेलिया के सीईओ कैमरन मरे ने ग्रीको को एक असाधारण एथलीट बताया और कहा कि उनका निधन बेहद दुखद है. ग्रीको के परिवार ने इस दुःख से उबरने के लिए निजता की मांग की है. नताली ग्रीको ने कहा, “हम गहरा शोक मना रहे हैं और इस भारी क्षति से उबरने के लिए निजता, समय और स्थान की मांग कर रहे हैं.”
ये भी पढ़ें: कोलकाता में शिकस्त… गौतम गंभीर ने खोला बहानों का पिटारा, अपने ही जाल में फंसे तो बल्लेबाजों पर उतारा गुस्सा
पेज ग्रीको को क्या हुआ था?
साउथ ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों और ऑससाइक्लिंग के साथ-साथ पैरालंपिक्स ऑस्ट्रेलिया के आधिकारिक बयानों के अनुसार, पेज ग्रीको की मृत्यु उनके घर पर अचानक हुई एक चिकित्सा घटना का परिणाम थी. इस घटना की प्रकृति के बारे में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक रूप से नहीं दी गई है, क्योंकि परिवार निजी तौर पर शोक मना रहा है. पेज सेरेब्रल पाल्सी से पीड़ित थीं और उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और समर्पित प्रशिक्षण के ज़रिए कई शारीरिक चुनौतियों का सामना किया था.