पुलिस चेकिंग में युवक नाले में गिरा, सिर फूटा: झाबुआ में बिना नंबर की बाइक के पास खड़े होने पर भागा था शख्स – Jhabua News

पुलिस चेकिंग में युवक नाले में गिरा, सिर फूटा:  झाबुआ में बिना नंबर की बाइक के पास खड़े होने पर भागा था शख्स – Jhabua News


झाबुआ के रामकुला नाले के पास मंगलवार शाम पुलिस को देख एक युवक ने भागने की कोशिश की। वह नाले में गिर गया। दरअसल, बिना नंबर की बाइक के पास खड़े इस युवक से पुलिस पूछताछ कर रही थी। तभी वह घबराकर भागा और गहरे नाले में जा गिरा।

.

युवक के सिर में गंभीर चोट आई है। घटना शाम करीब 4 बजे की है। कोतवाली पुलिस बिना नंबर के वाहनों की नियमित जांच कर रही थी।

नशे की हालत में थे दोनों युवक

पुलिस ने नाले के पास खड़ी एक बिना नंबर की बाइक के पास खड़े दो युवकों को देखा । दोनों युवक कथित तौर पर नशे की हालत में थे। पुलिस ने जब बाइक के संबंध में उनसे पूछताछ की, तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।

पुलिसकर्मी जब गाड़ी के चेसिस नंबर का मिलान करने लगे, तभी एक युवक वहां से भागने की कोशिश करने लगा। भागने की कोशिश में, उसने नियंत्रण खो दिया और पास के गहरे नाले में जा गिरा।

युवक के सिर में आई गंभीर चोटें

नाले में गिरने से युवक के सिर में गंभीर चोट लगी और उसका सिर फूट गया। हादसे के बाद पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई की और कड़ी मशक्कत के बाद उसे नाले से बाहर निकाला। घायल युवक को तत्काल एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया।

टीआई आरसी भास्करे ने मामले की जांच शुरू होने की जानकारी दी।

चेकिंग के दौरान भागने के चक्कर में हादसा

कोतवाली पुलिस ने बताया कि यह हादसा चेकिंग के दौरान भागने के चक्कर में हुआ। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद उसके दूसरे साथी को पकड़ लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बिना नंबर की यह बाइक किसकी है। और दोनों युवक वहां क्या कर रहे थे। टीआई आरसी भास्करे ने मामले की जांच शुरू होने की जानकारी दी।



Source link