बैतूल में सड़क पर लावारिस मिली एक वर्ष की बच्ची: 24 घंटे में परिजनों का सुराग नहीं, पुलिस CCTV खंगाल रही – Betul News

बैतूल में सड़क पर लावारिस मिली एक वर्ष की बच्ची:  24 घंटे में परिजनों का सुराग नहीं, पुलिस CCTV खंगाल रही – Betul News



बैतूल के टिकारी इलाके में एक साल की अज्ञात बच्ची सड़क पर लावारिस मिली है। पुलिस को 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी बच्ची के परिजनों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बच्ची को फिलहाल मातृछाया शिशु गृह में सुरक्षित रखा गया है।

.

यह घटना 17 नवंबर, 2025 को सामने आई, जब देशबंधु वार्ड, टिकारी, बैतूल के एक निवासी ने डायल-112 पर सूचना दी। सूचना कर्ता ने बताया कि उनके घर के सामने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा एक साल की बच्ची को छोड़कर चला गया है।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को पानी की टंकी के सामने, देशबंधु वार्ड, टिकारी में बच्ची सुरक्षित मिली। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन बच्ची या उसके परिवार के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई।

पुलिस टीम ने बच्ची के परिजनों की तलाश में विनायकम स्कूल रोड वाली गली, गौंडी मोहल्ला, प्रताप वार्ड, मेघनाथ चौक, गडाघाट रोड और अखाड़ा चौक सहित आसपास के कई क्षेत्रों में घर-घर जाकर पूछताछ की। हालांकि, इन प्रयासों के बावजूद कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा। टीआई नीरज पाल ने बताया कि बालिका को छोड़कर जाने वाले की तलाश के लिए सीसीटीवी खंगाले का रहे हैं। लेकिन कल और आज की जांच में कोई सुराग नहीं मिला।

बच्ची की सुरक्षा को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने संबंधित विभाग से पत्राचार कर उसे मातृछाया शिशु गृह में रखा। 18 नवंबर, 2025 को बच्ची को नियमानुसार बाल कल्याण समिति, बैतूल के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेंद्र जैन के निर्देश पर पुलिस टीम बच्चों की सुरक्षा और संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की कि यदि किसी को इस अज्ञात बच्ची या उसके परिजनों के संबंध में कोई भी जानकारी मिलती है, तो वे तत्काल थाना कोतवाली बैतूल या बाल कल्याण समिति बैतूल को सूचित करें।



Source link