सिंगरौली के सरई थाना पुलिस ने इटमा गांव में हुई एक हत्या का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। गांव के राजेंद्र साकेत की मौत के बाद हुई मर्ग जांच में यह सामने आया कि उनकी मौत सिर पर हुए गंभीर हमले के कारण हुई थी।
.
इस मामले में पुलिस ने मंगलवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया।
लकड़ी का घेरा हटाने को लेकर विवाद
थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह भदौरिया ने जानकारी दी कि 17 नवंबर को कटुली साकेत ने पुलिस को अपने भतीजे राजेंद्र साकेत की मौत की सूचना दी थी।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि 16 नवंबर की शाम राजेंद्र साकेत का रवि साकेत और उसके साथियों से खेत की बाड़ी में लगे ‘टाटा’ (लकड़ी का घेरा) हटाने को लेकर विवाद हुआ था। यह विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने राजेंद्र के साथ गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया।
पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
जांच के मुताबिक, रवि साकेत ने लकड़ी के गेंड़े से राजेंद्र के सिर पर जोरदार वार किया, जिससे वह खेत की मेड़ पर गिर गए। गंभीर रूप से घायल राजेंद्र को मजदूरों ने उनके घर पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के उपरांत, आरोपी रवि साकेत (23), सुनील कुमार साकेत (23) और गुलाब साकेत (28) को मंगलवार शाम गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना में संलिप्त सभी आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य जुटाए गए हैं। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।