बड़वानी जिले के अंजड नगर के बायपास रोड पर मंगलवार देर रात को सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना बायपास रोड स्थित रविदास धर्मशाला के ठीक सामने हुई, जहां एक खाली आयशर वाहन की चपेट में आने से व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था।
.
आयशर वाहन क्रमांक MH 18 BZ 2092 ने रिवर्स लेते समय एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शी सैफू अली ने बताया कि युवक के ऊपर टायर चढ़ने से उसकी हालत गंभीर हो गई थी। एम्बुलेंस नहीं मिलने पर स्थानीय युवाओं ने उसे बाइक से सिविल अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टर ने बताया सिर पर चोट के कारण हुई मौत
सिविल अस्पताल अंजड के मेडिकल ऑफिसर डॉ. रोहित मंडलोई ने बताया कि देर रात एक घायल व्यक्ति को अस्पताल लाया गया था। उसके सिर पर गंभीर चोटें थीं, जिसके कारण उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। उसे अस्पताल में मृत घोषित किया गया।
मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। उसके सीधे हाथ पर ‘किशन’ नाम गुदा हुआ है, जिसके आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अंजड पुलिस ने घटना की सूचना मिलने पर आयशर वाहन को जब्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस युवक की शिनाख्त के लिए भी प्रयास कर रही है।