Last Updated:
Andy McBrine Bowling BAN vs IRE 2nd Test: आयरलैंड के बॉलिंग ऑलराउंडर एंडी मैकब्राइन ने बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट में कमाल की गेंदबाजी. उन्होंने पहली पारी में पानी फिरकी का जादू दिखाते हुए 6 विकेट चटकाए. इसके साथ ही मैकब्राइन ने अपने नाम एक बड़ी उपलब्धि भी कर ली. 32 साल का यह क्रिकेटर महान गेंदबाज मुथैया मुरलीधरन और डेनियल विटोरी के क्लब में शामिल हो गया है.
नई दिल्ली: आयरलैंड के बॉलिंग ऑलराउंडर एंडी मैकब्राइन ने मुथैया मुरलीधरन और डेनियल विटोरी वाला कमाल कर दिखाया है. बांग्लादेश के खिलाफ जारी दूसरे टेस्ट की पहली पारी में एंडी मैकब्राइन की फिरकी का जलवा देखने को मिला. मैच के दूसरे दिन मैकब्राइन ने पंजा खोला, जिससे आयरलैंड टीम बांग्लादेश को 500 रन के अंदर समेटने में कामयाब रही. मैकब्राइन के करियर का यह 11वां ही टेस्ट है, जिसमें उन्होंने बड़ी उपलब्धि नाम की.
मैकब्राइन की फिरकी पर नाचे बल्लेबाज
एंडी मैकब्राइन की फिरकी का कमाल पहले ही दिन देखने को मिला, जब उन्होंने बांग्लादेश के टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों का शिकार किया. पहले दिन बांग्लादेश के जिन टॉप-4 बल्लेबाजों के विकेट गिरे, वो सभी मैकब्राइन ने ही लिए. महमूदुल हसन, मोमिनुल हक को उन्होंने कैच आउट कराया, जबकि शादमान इस्लाम को LBW और नजमुल शान्तो को बोल्ड मारा. दूसरे दिन गेंदबाजी करने आए मैकब्राइन ने हसन मुराद का विकेट लेकर पंजा खोल दिया. इसके बाद खालिद अहमद के रूप में लिए पारी के अपने छठे विकेट के साथ वह मुरलीधरन और विटोरी के स्पेशल क्लब में शामिल हो गए. मैकब्राइन ने 33.1 ओवर की गेंदबाजी में 109 रन देकर 6 विकेट चटकाए.
बांग्लादेश के खिलाफ गेंदबाजी करते हुए एंडी मैकब्राइन.
किया मुरलीधरन-विटोरी वाला कमाल
दरअसल, एंडी मैकब्राइन का यह बांग्लादेश की धरती पर टेस्ट में दूसरा 6 विकेट हॉल है. वह बांग्लादेश की धरती पर टेस्ट क्रिकेट में एक से ज्यादा 6 विकेट हॉल लेने दुनिया के सिर्फ चौथे विजिटिंग गेंदबाज बने हैं. इससे पहले कीवी दिग्गज डेनियल विटोरी, टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले महान श्रीलंकाई बॉलर मुथैया मुरलीधरन और ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज स्पिनर नाथन लियोन ही ऐसा कर पाए हैं.
कौन हैं एंडी मैकब्राइन?
30 अप्रैल, 1993 में जन्मे एंडी मैकब्राइन राइट आर्म ऑफ ब्रेक गेंदबाजी करते हैं, जबकि बाएं हाथ के बल्लेबाज भी हैं. यूं तो उन्होंने 2013 में ही इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखा था, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में उन्हें काफी समय बाद मौका मिला. मैकब्राइन आयरलैंड के लिए तीनों फॉर्मेट खेल चुके हैं. 96 वनडे मैचों में उन्होंने 91 विकेट हासिल किए और 920 रन बनाए हैं. वहीं, टी20 इंटरनेशनल में खेले 32 मैचों में 23 विकेट और 155 रन उनके नाम दर्ज हैं. इसके अलावा अब तक 11 टेस्ट मैचों में उन्होंने 32 विकेट झटके हैं और 560 रन भी बनाए हैं.
मैच का हाल
पहले बैटिंग करते हुए मुशफिकुर रहीम और लिटन दास के शतकों से बांग्लादेश ने 476 रन का बड़ा स्कोर बनाया. मुशफिकुर ने अपने 100वें टेस्ट मैच में 106 रन की पारी खेली और 100वें टेस्ट मैच में शतक लगाने वाले दुनिया के 11वें बल्लेबाज बन गए. लिटन दास ने 128 रन बनाए. जवाब में दूसरे दिन स्टंप्स तक आयरलैंड की पारी लड़खड़ा गई. आयरलैंड का स्कोर 98 रन पर 5 विकेट है. तीसरे दिन आयरलैंड को आउट कर बांग्लादेश उन्हें फॉलोऑन देने के इरादे से मैदान में उतरेगा. पहला टेस्ट बांग्लादेश ने पारी के अंतर से जीता था. अब मेजबानों की नजरें क्लीन स्वीप पर हैं.
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा… और पढ़ें