मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे दैनिक भास्कर ऐप पर मिलेगा।
.
मंच पर ही सीएम यादव से गुफ्तगू के क्या मायने मध्य प्रदेश में डॉ. मोहन यादव मंत्रिमंडल में फेरबदल की संभावना के चलते भाजपा विधायक और मंत्री एक्टिव हो गए हैं। कोई मंत्री बनने की जुगाड़ में है, तो कोई मंत्री पद बचाने के लिए फिल्डिंग में जुटा है।
मंगलवार को राजधानी में बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी का उद्घाटन हुआ। इस दौरान मंच पर तीन मंत्री और एक विधायक मौजूद थे। सभी सीएम डॉ. मोहन यादव के साथ मंच पर ही गुफ्तगू करते नजर आए। मंत्री विजय शाह और मंत्री राव उदय प्रताप सिंह की कुर्सी मुख्यमंत्री की कुर्सी के अगल-बगल में लगी थी। ऐसे में जब भी मौका मिला वे सीएम से बात करते रहे।
खास बात ये है कि जब मंत्री राव उदय प्रताप सिंह संबोधन के लिए उठे तो उनके पास बैठे भाजपा विधायक भगवान दास सबनानी अपनी जगह से उठकर सीएम के पास राव उदय प्रताप सिंह की कुर्सी पर बैठ गए और सीएम से चर्चा करने लग गए।
इसी तरह जब मंत्री विजय शाह संबोधन के लिए उठे तो उनकी कुर्सी पर मंत्री कृष्णा गौर बैठ गई और सीएम से बात करने लगी। हालांकि जब दोनों नेता अपने-अपने संबोधन के बाद लौट तो सबनानी और कृष्णा गौर फिर से अपनी जगह बैठ गए।
अब इतने महत्वपूर्ण कार्यक्रम में मंच पर सीएम से चर्चा करते मंत्री और विधायक को लेकर लोग अलग-अलग कयास लगा रहे हैं। मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल से जोड़कर देख रहे हैं।
भोपाल में एक कार्यक्रम के मंच पर मंत्री और विधायक लगातार सीएम से बात करते नजर आए।
नेता जी ने जान हथेली पर लेकर किया माल्यार्पण इंदौर में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े के पांव कांपने लगे। उन्होंने डर के बीच जान हथेली पर लेकर पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
दरअसल, करीब 20 फीट ऊंची प्रतिमा तक पहुंचने के लिए सीढ़ी लगाई गई थी। वानखेड़े उस पर चढ़ें तो वह हिलने लगी। ऐसे में वानखेड़े दहशत में आ गए। हालांकि उन्होंने हर कदम फूंक-फूंककर रखा। वे जोखिम लेकर प्रतिमा तक पहुंचे और माल्यार्पण किया।
जब लौटे तब भी यही हालात थे। एक जगह वे रुक भी गए। फिर धीरे-धीरे करके वापस नीचे आ गए। तब जाकर उन्होंने राहत की सांस ली। ये पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई। ये वीडियो सोशल मीडिया में वायरल भी हो गया।
अब लोग चटकारे ले रहे हैं। कह रहे हैं कि नेतागिरी में इतनी रिस्क तो लेनी ही पड़ती है। ऐसे ही कोई नेता नहीं बन जाता।

इंदौर में कांग्रेस जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
ऐसी कसम ली कि नंगे पैर चल रहे कांग्रेस विधायक श्योपुर से कांग्रेस के विधायक बाबू जंडेल इन दिनों नंगे पैर ही चल रहे हैं। उन्होंने कसम ली है कि जब तक किसानों को मुआवजा नहीं मिल जाता वे जूते-चप्पल नहीं पहनेंगे।
दरअसल, पिछले दिनों बिन मौसम बारिश के चलते उनके विधानसभा क्षेत्र में किसानों की फसलें बर्बाद हो गई थी। जिसके बाद उन्होंने किसानों को मुआवजा दिलाने के लिए कई बार प्रदर्शन किया। वे लगातार 11 दिन से आंदोलन कर रहे हैं। धरने पर बैठे हैं। मंगलवार से उन्होंने भूख हड़ताल शुरू कर दी है।
नेता जी ने अपने आंदोलन के दौरान नदी में उतरकर प्रदर्शन किया। पानी में योगासन किया। मशाल जुलूस निकाला। हवन किया। यहां तक कि सरकार के पुतले बनाकर उनके कान में पुंगी बजाकर ध्यान आकर्षित कराना चाहा।
विधायक के प्रदर्शन पर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कोई इसे कांग्रेस विधायक का पब्लिसिटी स्टंट बता रहा हैं। तो कोई कह रहा है कि वे किसानों के लिए लड़ रहे हैं। अब जो भी हो नेता जी सुर्खियों में तो आ ही गए हैं।

श्योपुर से कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल भूख हड़ताल कर रहे हैं। वे नंगे पैर ही घूम रहे हैं।
खुद की री-लॉन्चिंग की तैयारी में जुटी उमा भारती मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की फायर ब्रांड नेता उमा भारती खुद को राजनीति में री-लॉन्च की तैयारी कर रही है। हाल ही में उमा भारती पहले सीएम डॉ. मोहन यादव से मिली। फिर भाजपा दफ्तर पहुंचकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से मिलीं।
हालांकि उन्होंने गो-संरक्षण को लेकर सत्ता और संगठन के प्रमुख के सामने अपनी बातें रखी। लेकिन सियासी गलियारों में चर्चा है कि गो-संरक्षण की मुद्दा को बस एक बहाना है। उमा भारती फिर से भाजपा की राजनीति में सक्रिय हो रही हैं।
दरअसल, ये कयास इसलिए लगाए जा रहे हैं क्योंकि उमा भारती अरसे बाद भाजपा दफ्तर पहुंचीं। वे चुनाव लड़ने की इच्छा भी जता चुकी हैं। उन्होंने इसके लिए सीट भी बता दी थी। हालांकि उन्होंने ये भी कहा था कि टिकट देना नहीं देना भाजपा का फैसला होगा।
उमा भारती ने पिछले दिनों गो-संरक्षण के मुद्दे पर भोपाल में एक बड़ा कार्यक्रम भी किया था। जिसे पूर्व मुख्यमंत्री के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा गया।

पूर्व सीएम उमा भारती पिछले दिनों सीएम डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से मिलीं।
बात खरी है सीरीज की ये कड़ी भी पढ़ें…
हिरोइन के साथ जमकर नाचे भाजपा सांसद: ट्रोल हो गए राहुल गांधी के जीजा जी

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का जन्मदिन उनके भोपाल स्थित आवास पर मनाया गया। इस दौरान उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देने के लिए अच्छी खासी भीड़ जुटी। कमलनाथ ने केक काटा और सभी से मिले भी। लेकिन कमलनाथ के बर्थडे सेलिब्रेशन की महफिल पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने लूट ली। पूरी खबर पढ़ें..