ये जिंदगी का बेहतरीन समय.. कड़ी मेहनत रंग लाई, वर्ल्ड कप विनिंग कप्तान ने दुनिया के सामने खोल दिया दिल

ये जिंदगी का बेहतरीन समय.. कड़ी मेहनत रंग लाई, वर्ल्ड कप विनिंग कप्तान ने दुनिया के सामने खोल दिया दिल


कपिल देव ने जिस तरह भारत को 1983 में मेंस क्रिकेट का पहला वनडे वर्ल्ड कप जिताया था. ठीक उसी तरह हरमनप्रीत कौर ने 2025 में पहली बार भारत को विमेंस वर्ल्ड कप का खिताब जिताया है. हरमनप्रीत कौर का नाम अब कपिल देव के साथ लिया जाएगा. हरमनप्रीत कौर ने Salaam Tv के साथ अपने एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में बताया कि वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम और वह कैसा महसूस कर रही हैं.

वर्ल्ड कप जीतकर बहुत राहत महसूस कर रहे

हरमनप्रीत कौर ने कहा, ‘बहुत गर्व का पल है कि इतने सालों की मेहनत और इतने सालों के इंतजार के बाद आखिरकार हमने वर्ल्ड कप जीता है. हम कई सालों से इस वर्ल्ड कप को जीतने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे थे और लंबे इंतजार के बाद यह मौका आया है जब हम वर्ल्ड कप जीतकर बहुत राहत और सुकून महसूस कर रहे हैं.’

Add Zee News as a Preferred Source


शुरुआत में कई सारी चुनौतियां थी

कप्तान हरमनप्रीत कौर ने शुरुआती दिनों के उस मुश्किल दौर को याद किया है जब भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ियों को कई बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ा है. हरमनप्रीत कौर ने कहा, ‘जी हां, शुरुआत में काफी मुश्किल था. कोई ऐसा प्लेटफार्म नहीं था, जहां पर हम ट्रेनिंग कर सके और यह उम्मीद करें कि कैसे हम अपने देश का प्रतिनिधित्व कर सके. शुरुआत में कई सारी चुनौतियां थी, लेकिन फिर धीरे-धीरे जिंदगी में कई सारी चीजें बदल गईं.’

‘हमारी जिंदगी का बेहतरीन समय’

हरमनप्रीत कौर ने कहा, ‘और अभी जो यह समय है, वह एक क्रिकेटर के तौर पर हमारी जिंदगी का बेहतरीन समय है. अब वह सबकुछ हासिल हो गया है, जिसके लिए हम इतने सालों से कड़ी मेहनत कर रहे थे. मेरे लिए यह बेहद बड़ा और बहुत खास पल है. ये यादें हमेशा मेरे साथ रहेंगी.’ हरमनप्रीत कौर ने इसके बाद राज खोला कि किस तरह उन्होंने एक कप्तान के तौर पर खुद को बदला है.

हर विभाग में खुद को बेस्ट बनाया

हरमनप्रीत कौर ने कहा, ‘शुरुआत में मुझे क्रिकेट के मैदान पर एक आक्रामक क्रिकेटर के रूप में जाना जाता था, लेकिन गुजरते वक्त के साथ जब आपके अंदर इतने साल का अनुभव आता है तो समय के हिसाब से अपने खेल और निजी जिंदगी में ग्रो करते हो. मैंने अपने अंदर गुजरते वक्त के साथ कई सारे बदलाव देखे हैं और कोशिश की है कि कैसे मैं हर विभाग में खुद को बेस्ट बना सकूं.’

हरमनप्रीत कौर ने बेहद खास मैसेज दिया

हरमनप्रीत कौर ने कहा, ‘क्रिकेट के मैदान पर एक कप्तान के तौर पर मैं कोशिश करती हूं कि कैसे अपने आपको शांत रख सकूं और मैच में फैसले ले सकूं.’ अगर आज कोई भी महिला किसी भी फील्ड में कुछ करना चाहती है तो उन्हें हरमनप्रीत कौर ने बेहद खास मैसेज दिया है. हरमनप्रीत कौर ने कहा, ‘मुझे लगता है कि उन्हें अपने काम पर ही फोकस करना चाहिए, क्योंकि समाज में तो बहुत सारी बातें चलती रहती हैं जिन्हें आप कंट्रोल नहीं कर सकते हो. आप सिर्फ उसे ही कंट्रोल कर सकते हो जो आपके हाथ में होता है.’

भारतीय फैंस के भरोसे की जीत 

हरमनप्रीत कौर ने कहा, ‘अगर आप अपने काम पर फोकस करते हो तो बाकी की चीजें आपके लिए नार्मल हो जाती हैं, तो अगर हम शांत होकर अपने काम पर फोकस करेंगे तो तभी हम अपने और देश के लिए बेहतर कर सकते हैं.’ हरमनप्रीत कौर ने इसके अलावा इस वर्ल्ड कप जीत को पूरे भारतीय फैंस के भरोसे की जीत बताया है. हरमनप्रीत कौर ने कहा, ‘वर्ल्ड कप जीत के बाद भारतीय फैंस की खुशी और उत्साह को देखकर काफी अच्छा लग रहा है.’ 



Source link