25 साल पहले साउथ अफ्रीका के खिलाफ घर में टेस्ट सीरीज हारा था भारत, हैन्सी क्रोनिये की तरह इतिहास रचने के करीब टेम्बा बावुमा

25 साल पहले साउथ अफ्रीका के खिलाफ घर में टेस्ट सीरीज हारा था भारत, हैन्सी क्रोनिये की तरह इतिहास रचने के करीब टेम्बा बावुमा


टीम इंडिया पर 25 साल बाद एक बार फिर साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपने ही घर में टेस्ट सीरीज हारने का खतरा मंडरा रहा है. कोलकाता में पहला टेस्ट मैच 30 रन से हारकर भारत पहले ही दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 0-1 से पिछड़ रहा है. भारत अगर गुवाहाटी में दूसरा टेस्ट मैच भी हार जाता है तो वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपने ही घर में 25 साल बाद कोई टेस्ट सीरीज गंवा देगा. चोट के कारण भारत के कप्तान शुभमन गिल गुवाहाटी में दूसरा टेस्ट मैच नहीं खेलेंगे और उनकी जगह ऋषभ पंत टीम इंडिया की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे.

25 साल पहले साउथ अफ्रीका के खिलाफ घर में टेस्ट सीरीज हारा था भारत

भारत ने 25 साल पहले में 2000 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपने ही घर में टेस्ट सीरीज गंवाई थी. साउथ अफ्रीका ने उस दौरान भारत को दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-0 से मात दी थी. उस टेस्ट सीरीज में सचिन तेंदुलकर भारत के कप्तान थे. वहीं, हैन्सी क्रोनिये साउथ अफ्रीका की कप्तानी कर रहे थे. साउथ अफ्रीका ने भारत को मुंबई में खेले गए इस टेस्ट सीरीज के पहले मैच में 4 विकेट से मात दी थी. इसके बाद मेहमान टीम ने बेंगलुरु में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में भी भारत को पारी और 71 रन से हरा दिया था.

Add Zee News as a Preferred Source


हैन्सी क्रोनिये की तरह इतिहास रचने के करीब टेम्बा बावुमा

साउथ अफ्रीका के मौजूदा कप्तान टेम्बा बावुमा अब 25 साल पुराना इतिहास दोहराने के करीब हैं. साउथ अफ्रीका की टीम अगर गुवाहाटी में होने वाले दूसरे टेस्ट मैच में भी भारत को हरा देती है तो टेम्बा बावुमा इतिहास रच देंगे. टेम्बा बावुमा भारत की धरती पर टेस्ट सीरीज जीतने वाले हैन्सी क्रोनिये के बाद साउथ अफ्रीका के दूसरे कप्तान बन जाएंगे. टेम्बा बावुमा के पास अब इस खास क्लब में शामिल होने का मौका है. मोमेंटम निश्चित रूप से उनकी टीम के साथ है. टेस्ट सीरीज जीतने के लिए साउथ अफ्रीका को गुवाहाटी टेस्ट में सिर्फ एक ड्रॉ की जरूरत है.

पंत करेंगे धोनी की बराबरी

ऋषभ पंत पहली बार भारतीय टीम की टेस्ट फॉर्मेट में कप्तानी करेंगे. एमएस धोनी के बाद टेस्ट फॉर्मेट में भारतीय टीम की कप्तानी करने वाले वह दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज हैं. रोहित शर्मा के बाद ऋषभ पंत को ही भारतीय टेस्ट टीम का कप्तान माना जा रहा था, लेकिन इंजरी की वजह से उनका लंबे समय तक क्रिकेट से बाहर रहना और इस दौरान शुभमन गिल का निरंतर उम्दा प्रदर्शन, पंत को कप्तानी की दौर में पीछे कर गया. ऋषभ पंत टेस्ट फॉर्मेट में भारत के लिए बेहद अहम हैं. वे तेजी से रन बनाते हुए मैच के परिणाम भारत के पक्ष में करते रहे हैं. पंत ने 48 टेस्ट मैचों की 84 पारियों में 8 शतक और 18 अर्धशतक की मदद से 3,456 रन बनाए हैं.



Source link