INDA vs BANA: एसीसी राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2025 में भारत का पत्ता साफ हो गया है. सेमीफाइनल मैच में भारतीय टीम को बांग्लादेश से सुपर ओवर में करारी हार का सामना कर पड़ा. इस हार के सबसे बड़े गुनहगार कप्तान जितेश शर्मा और टीम के कोच सुनील जोशी रहे जिन्होंने सुपर ओवर में हैरतअंगेज फैसला किया. सुपर ओवर में इन फॉर्म विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और प्रियांश आर्य को सीधे नजरअंदाज कर दिया गया जबकि उनकी दहशत बांग्लादेशियों में देखने को मिली.
इंडिया ए ने जीता था टॉस
इंडिया ए ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. बांग्लादेश की तरफ से सलामी बल्लेबाज हबीबुर रहमान ने अर्धशतकीय पारी से टीम को जोरदार शुरुआत दी. उन्होंने 65 रन ठोके, इसके बाद छठे नंबर पर उतरे महरूब ने भी 18 गेंद में 6 छक्कों की मदद से 48 रन ठोक टीम के स्कोर को 194 तक पहुंचा दिया. भारत की तरफ से गुरजनप्रीत ने 2 विकेट झटके हर्ष, सुयश, रमनदीप और नमनधीर के खाते 1-1 विकेट आया.
वैभव-प्रियांश ने काटा गदर
195 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया ए की तरफ से वैभव सूर्यवंशी और प्रियांश आर्य ने बल्ले से कोहराम मचा दिया. वैभव सूर्यवंशी ने ताबड़तोड़ 15 गेंद में 38 रन की पारी खेली जिसमें 4 छक्के जबकि 2 चौके देखने को मिले. वहीं, प्रियांश आर्य ने भी बुरी तरह कुटाई की और 23 गेंद में 3 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 44 रन की पारी खेली. जितेश शर्मा ने 33 जबकि नेहाल वढेरा ने 32 रन की पारी खेली. मैच की काया 19वें ओवर में पलटी जब रमनदीप सिंह आउट हुए और इस ओवर में महज 5 रन ही आए. 20वें ओवर में भारतीय टीम को जीत के लिए 16 रन की दरकार थी. इस ओवर में 15 रन ही बने और मैच सुपर ओवर तक पहुंच गया.
ये भी पढे़ं… INDA vs BANA: बांग्लादेश से सेमीफाइनल में हारा भारत, 33 रन बनाकर भी जितेश हार के गुनहगार! सुपर ओवर कटाई नाक
जितेश और कोच का हैरतअंगेज फैसला
वैभव सूर्यवंशी और प्रियांश आर्य की विस्फोटक बल्लेबाजी का खौफ बांग्लादेश के गेंदबाजों में बैठा हुआ था. सभी को वैभव और प्रियांश के सुपर ओवर में आने की उम्मीद थी, लेकिन कप्तान कोच ने उन्हें सीधे नजरअंदाज कर दिया. जितेश शर्मा और रमनदीप सिंह बल्लेबाजी करने उतरे. पहली गेंद पर जितेश बोल्ड हो गए और इसके बाद भी वैभव और प्रियांश में से कोई नहीं उतरा. आशुतोष शर्मा बल्लेबाजी के लिए आए और पहली गेंद पर आउट हो गए. भारत का सुपर ओवर में खाता भी नहीं खुला और बांग्लादेश ने एकतरफा अंदाज में सुपर ओवर में जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट कटाया.